जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के कुशल निर्देशन में सवाई माधोपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता अर्जित करते हुए जयपुर एयरपोर्ट से एक वांछित अपराधी को दबोचने में कामयाबी हासिल की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय सिंह एवं पुलिस उपाधीक्षक (शहर) श्री उदय सिंह के सुपरविजन तथा मानटाउन थानाधिकारी श्री सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दहेज प्रताड़ना और तीन तलाक के आरोपी सैफ अली पुत्र श्री अंसार अली को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से सऊदी अरब में छिपकर बैठा था, जिसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर नोटिस जारी करवाया गया था।

घटनाक्रम के अनुसार, पीड़िता ने मानटाउन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका विवाह वर्ष 2021 में मखौली निवासी सैफ अली के साथ विधि-विधान से संपन्न हुआ था। विवाह के कुछ समय पश्चात ही पति सैफ अली दहेज की मांग को लेकर पीड़िता को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। विवाद बढ़ने पर महिला को उसके पीहर भेज दिया गया, जिसके बाद आरोपी सैफ अली फरार होकर सऊदी अरब चला गया। विदेश में रहने के दौरान ही आरोपी ने क्रूरता की हदें पार करते हुए मोबाइल के माध्यम से अपनी पत्नी को तलाक दे दिया। पुलिस ने इस मामले में मु.न. 389/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 316(2), 85 एवं मुस्लिम महिला (विवाह अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम 2019 की धारा 3 के अंतर्गत मामला दर्ज किया था।

आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए माननीय न्यायालय द्वारा 16 जनवरी 2026 को स्थायी वारंट जारी किया गया था। चूंकि आरोपी विदेश में था, इसलिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय सवाई माधोपुर ने अपराध शाखा पुलिस मुख्यालय जयपुर के माध्यम से इंटरपोल की मदद ली और लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करवाया। आज दिनांक 21 अप्रैल 2026 को जैसे ही आरोपी सैफ अली सऊदी अरब से जयपुर के सांगानेर एयरपोर्ट पहुंचा, इमिग्रेशन अथॉरिटी ने मानटाउन पुलिस की सूचना पर उसे तुरंत डिटेन कर लिया। तत्पश्चात उसे नजदीकी सांगानेर थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया।

सूचना मिलते ही थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के निर्देशन में उपनिरीक्षक श्री अरविंद के नेतृत्व में कानिस्टेबल उधम (संख्या 986) और ईश्वरराम (संख्या 1616) की विशेष टीम जयपुर भेजी गई। पुलिस टीम ने आरोपी को सांगानेर थाने से प्राप्त कर सवाई माधोपुर के मानटाउन थाने लाया, जहाँ उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक अरविंद की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस मामले में गहन अनुसंधान कर रही है। कानून के लंबे हाथों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अपराध कर विदेश भागने वाले अपराधी भी अब सुरक्षित नहीं हैं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story