सवाई माधोपुर में रकम आठ गुना करने का झांसा देने वाले 5 ठग गिरफ्तार
टेलीग्राम और सोशल मीडिया पर फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर ठगी करते थे आरोपी, 8.5 लाख की स्कॉर्पियो जब्त

सवाई माधोपुर में निवेश के नाम पर आठ गुना रकम करने का झांसा देकर साइबर ठगी करते 5 आरोपी गिरफ्तार।
सवाई माधोपुर में निवेश के नाम पर लोगों को रकम आठ गुना करने का लालच देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मानटाउन थाना पुलिस और क्यूआरटी टीम की संयुक्त कार्रवाई में ज्योति नर्सिंग होम के पास स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठे पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, छह एटीएम कार्ड, पांच सिम कार्ड और ठगी की रकम से खरीदी गई स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया और टेलीग्राम के जरिए लोगों को निवेश का झांसा देकर संगठित रूप से साइबर ठगी कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर श्रीमती नेहा अग्रवाल आरपीएस और पुलिस उपाधीक्षक शहर सवाई माधोपुर श्री राजेन्द्र कुमार आरपीएस के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी थाना मानटाउन श्री सुनील कुमार गुप्ता पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में 19 नवंबर 2026 को टीम प्रभारी श्री राधेश्याम सहायक उप निरीक्षक और क्यूआरटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को सहायक उप निरीक्षक राधेश्याम पुलिस जाप्ते के साथ सरकारी वाहन और अनुसंधान बॉक्स लेकर गश्त पर रवाना हुए थे। उनके साथ कांस्टेबल हरिसिंह, कांस्टेबल नाहरसिंह और कांस्टेबल खेताराम भी मौजूद थे। पुलिस टीम शाम 7:47 बजे थाने से गश्त के लिए निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ज्योति नर्सिंग होम से आगे सड़क किनारे एक स्कॉर्पियो गाड़ी नंबर RJ14 UP 2091 में चार-पांच युवक बैठे हैं, जो सामूहिक रूप से साइबर ठगी की गतिविधियों में लिप्त हैं।
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए सहायक उप निरीक्षक राधेश्याम पुलिस जाप्ते के साथ तत्काल ज्योति नर्सिंग होम पहुंचे। वहां बताए गए नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी में पांच युवक बैठे मिले। पुलिस वाहन को देखकर आरोपियों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पांचों को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अमन सिंह पुत्र रामप्रसाद, उम्र 21 वर्ष, निवासी दोबद्धा खुर्द, थाना सूरवाल, जिला सवाई माधोपुर; हरीश पुत्र प्रभूलाल, उम्र 32 वर्ष, निवासी दोबड़ा खुर्द, थाना सूरवाल, जिला सवाई माधोपुर; विजेन्द पुत्र रूपसिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी रेवतपुरा, थाना चौथ का बरवाड़ा, जिला सवाई माधोपुर; नेतराम पुत्र शिवदास, उम्र 19 वर्ष, निवासी टोबड़ा खुर्द, थाना सूरवाल, जिला सवाई माधोपुर तथा चन्दप्रकाश उर्फ डिप्टी पुत्र ठण्डीराम, उम्र 19 वर्ष, निवासी बोरदा, थाना चौथ का बरवाड़ा, जिला सवाई माधोपुर के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन, छह एटीएम कार्ड और पांच सिम कार्ड मिले। इसके अलावा साइबर ठगी से अर्जित राशि से खरीदी गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद हुई। पुलिस ने सभी सामान और वाहन को मौके पर जब्त कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से मिले मोबाइल फोन और डिजिटल सामग्री की जांच में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और टेलीग्राम सहित विभिन्न बैंकिंग एवं पेमेंट एप्लीकेशन से संबंधित संदिग्ध अकाउंट और गतिविधियां सामने आई हैं। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी आपस में मिलकर संगठित तरीके से साइबर ठगी करते थे।
आरोपियों की ठगी का तरीका निवेश के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाना था। इसके लिए वे सोशल मीडिया और टेलीग्राम पर चैनल एवं अकाउंट बनाकर लोगों को कम समय में निवेश की रकम आठ गुना तक करने का लालच देते थे। लोगों का विश्वास जीतने के लिए उन्हें फर्जी स्क्रीनशॉट भेजे जाते थे। निवेश के नाम पर रकम प्राप्त करने के बाद आरोपी जीएसटी, विड्रॉल और कमीशन चार्ज के नाम पर पीड़ितों से अतिरिक्त पैसे भी वसूलते थे। इसके बाद पीड़ितों के मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट को ब्लॉक कर दिया जाता था, जिससे वे आरोपियों से संपर्क नहीं कर पाते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी के लिए विभिन्न बैंक खातों, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड का इस्तेमाल करते थे। आरोपी अमन सिंह द्वारा साइबर ठगी से अर्जित राशि में से करीब साढ़े आठ लाख रुपये खर्च कर स्कॉर्पियो गाड़ी खरीदने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने इस वाहन को भी जब्त कर लिया है।
मामले में आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण संख्या 391/2026 दर्ज किया गया है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340(2), 111(2)(b), 61(2)(a) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अनुसंधान शुरू किया गया है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता पुलिस निरीक्षक थाना मानटाउन, सहायक उप निरीक्षक राधेश्याम, कांस्टेबल नाहरसिंह नंबर 1020, कांस्टेबल हरिसिंह नंबर 1133, कांस्टेबल खेताराम नंबर 1374, चालक कांस्टेबल रामकेश नंबर 586 तथा जिला सवाई माधोपुर की प्रभारी क्यूआरटी टीम शामिल रही।
पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, डिजिटल सामग्री, संदिग्ध बैंकिंग और पेमेंट अकाउंट तथा साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए माध्यमों की जांच कर रही है। पांच आरोपियों की गिरफ्तारी और ठगी की रकम से खरीदे गए वाहन की जब्ती से इस संगठित साइबर ठगी नेटवर्क की गतिविधियां जांच के दायरे में आ गई हैं।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
