पुलिस मुख्यालय एवं भरतपुर रेंज आई.जी.पी. श्री कैलाश विश्नोई के निर्देशानुसार वाँछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत सवाई माधोपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता अर्जित की है। जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के कुशल निर्देशन, अति० पुलिस अधीक्षक श्री विजय सिंह, अति० पुलिस अधीक्षक बौंली श्री नील कमल मीणा एवं पुलिस उपाधीक्षक शहर श्री उदय सिंह के सुपरविजन में मानटाउन थानाधिकारी श्री सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने प्रभावी कार्यवाही करते हुए डकैती के मामले में चार वर्षों से फरार 10 हजार रुपये के ईनामी अपराधी गोरधन उर्फ भूत और एक वर्ष से फरार स्थाई वारंटी मुकेश उर्फ भूरसिंह को जयपुर के दौलतपुरा से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया है।

घटनाक्रम के अनुसार, 1 जनवरी 2022 की रात्रि को सदर थाना गंगापुर सिटी क्षेत्र के धुन्धेश्वर रोड रेल्वे पुलिया के समीप स्थित एक मकान में छह अज्ञात बदमाशों ने जबरन प्रवेश कर 85 वर्षीय परिवादी लच्छी पुत्र सुखपाल गुर्जर एवं उनकी पत्नी श्रीमती रामकन्या पर जानलेवा हमला किया था। बदमाशों ने वृद्ध दंपत्ति के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर चोटें पहुँचाईं और उनके हाथ-पैर से चांदी के कड़े, करीब एक लाख रुपये नगद तथा एक मोबाइल लूट कर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना सदर गंगापुर सिटी में अभियोग संख्या 02/2022 धारा 458, 380, 395 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पूर्व में पुलिस ने इस प्रकरण में शामिल आरोपी रामजीलाल उर्फ रामदयाल, रामकेश उर्फ तितर्या, जशरथ उर्फ उदड, राजेश उर्फ गोट्या उर्फ भात्या, मुकेश उर्फ भूरिया उर्फ पद्दा, रामसिंह उर्फ भूत और प्रकाश उर्फ मोटा को गिरफ्तार कर लूटा गया माल, हथियार व वाहन बरामद कर लिए थे, किंतु आरोपी गोरधन उर्फ भूत वारदात के बाद से ही अपना नाम व पहचान बदलकर फरार चल रहा था।

निरंतर फरारी काट रहे गोरधन की गिरफ्तारी पर जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया था। सफलता की कड़ी तब जुड़ी जब 18 अप्रैल 2026 को मानटाउन थाने के हैड कांस्टेबल श्री बुद्धिप्रकाश को सटीक सूचना मिली कि आरोपी गोरधन मोग्या पहचान छुपाकर जयपुर के कानोता और दौलतपुरा इलाके में रह रहा है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही हेतु हैड कांस्टेबल श्री संजय कुमार, श्री बुद्धिप्रकाश एवं कांस्टेबल श्री विजय सिंह की एक विशेष टीम गठित कर जयपुर रवाना की गई। टीम ने तकनीकी संसाधनों और कड़ी मेहनत के बल पर 24 वर्षीय आरोपी गोरधन उर्फ भूत उर्फ विक्रम उर्फ अजय पुत्र बत्तीलाल मोग्या को दौलतपुरा से दबोच लिया। इसी दौरान टीम ने सरकार बनाम भूरसिंह मामले में माननीय न्यायालय विशिष्ट न्यायाधीश (विद्युत अपराध) सवाई माधोपुर द्वारा जारी स्थाई वारंट में वांछित आरोपी 28 वर्षीय मुकेश उर्फ भूरसिंह उर्फ पद्दा को भी गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। दोनों आरोपियों को 19 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के साथ हैड कांस्टेबल संजय कुमार, कांस्टेबल विजय सिंह और साइबर सेल के हैड कांस्टेबल महेन्द्र कुमार की प्रमुख भूमिका रही, जबकि हैड कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश ने विशेष सूचना संकलन में अहम योगदान दिया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story