सवाई माधोपुर पुलिस ने 200 किमी पीछा कर मुरकी लूट गैंग के 3 आरोपी दबोचे
विशेष टीम ने 200 किलोमीटर पीछा कर गिरोह के सरगना संजय कालबेलिया सहित तीन आरोपियों को मध्य प्रदेश के जबलपुर से दस्तयाब कर बौली थाने में गिरफ्तार किया।

सवाई माधोपुर की बौली थाना पुलिस और विशेष टीम द्वारा जबलपुर से गिरफ्तार किए गए लूट गिरोह के तीन आरोपी पुलिस हिरासत में खड़े हुए। (12 जून 2026)
जिला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए वृद्धजनों के कानों से सोने की मुरकी लूटने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने करीब 200 किलोमीटर तक पीछा कर राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न इलाकों में दबिश देते हुए इस गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गिरोह का सरगना संजय उर्फ संजू कालबेलिया है, जो पहले भी इसी प्रकार के अपराधों में करीब 8 वर्ष की सजा काट चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। जेल से रिहा होने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक बार फिर सक्रिय होकर वृद्ध व्यक्तियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
यह गिरोह रात के समय मोटरसाइकिल से रेकी कर सुनसान स्थानों पर सो रहे या अकेले चल रहे वृद्धजनों को टारगेट करता था और उनके कानों से सोने की मुरकी झपटकर फरार हो जाता था। कई मामलों में विरोध करने पर पीड़ितों पर पत्थरों और हथियारों से हमला कर उन्हें घायल करने की भी जानकारी सामने आई है।
थाना बौली में दर्ज विभिन्न प्रकरणों के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया, जिसमें थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस बल और साइबर सेल की मदद ली गई। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की तलाश राजस्थान के कई जिलों सहित मध्यप्रदेश तक की गई।
पुलिस ने 11 जून 2026 को जबलपुर स्थित मालपुरा रोड से तीनों आरोपियों को दस्तयाब किया और पूछताछ के बाद 12 जून 2026 को प्रकरण संख्या 101/26 सहित संबंधित धाराओं के तहत विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में संजय उर्फ संजू कालबेलिया (निवाई, टोंक), भोगा (कोटा) तथा समीर (टोंक क्षेत्र) शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने राजस्थान के विभिन्न जिलों और जयपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में लगभग 50 से अधिक वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है, जिससे और भी वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है। इस कार्रवाई को पुलिस की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय इस प्रकार के आपराधिक गिरोहों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
