सवाई माधोपुर: 9 साल से फरार दो स्थायी वारंटी जयपुर से गिरफ्तार
मानटाउन थाना पुलिस ने मारपीट के मामले में पहचान छिपाकर मजदूरी कर रहे आरोपियों सोनू उर्फ सौरभ और विजय कुमार को शिवदासपुरा क्षेत्र से पकड़ा।

तस्वीर में गंभीर मारपीट के मामले में गिरफ्तार आरोपी सोनू उर्फ सौरभ (बाएं) और विजय कुमार (दाएं) खड़े दिखाई दे रहे हैं।
सवाई माधोपुर जिले के मानटाउन थाना पुलिस ने नौ वर्ष पुराने गंभीर मारपीट के मामले में फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए वर्षों से अपनी पहचान छिपाकर जयपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मजदूरी और पुताई का कार्य कर रहे थे तथा लगातार अपने ठिकाने और मोबाइल नंबर बदल रहे थे।
जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर विजय सिंह एवं कार्यवाहक पुलिस उपाधीक्षक शहर जयप्रकाश अटल के सुपरविजन में थाना मानटाउन के थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में 1 जुलाई 2026 को हेड कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश एवं पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए स्थायी वारंटी सोनू उर्फ सौरभ पुत्र किशन लाल बैरवा, उम्र 32 वर्ष तथा विजय कुमार पुत्र किशन लाल बैरवा, उम्र 37 वर्ष, निवासी शांति नगर, खेरदा, थाना मानटाउन, जिला सवाई माधोपुर को ग्राम दयालपुरा, थाना शिवदासपुरा, जिला जयपुर से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध माननीय अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सवाई माधोपुर द्वारा सरकार बनाम सौरभ उर्फ सोनू, प्रकरण संख्या 694/2017 में गिरफ्तारी के लिए स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। दोनों आरोपी पिछले नौ वर्षों से फरार चल रहे थे।
गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों वारंटी लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे। वे अपने वास्तविक नाम और पहचान को छिपाकर जयपुर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में मजदूरी एवं पुताई का कार्य करते थे। पुलिस कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से दोनों बार-बार किराये के मकान बदलते, नए लोगों के बीच रहकर अपनी पहचान गोपनीय रखते तथा मोबाइल नंबर और अन्य संपर्क सूत्र भी लगातार बदलते रहते थे।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना मानटाउन के थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के निर्देशन में हेड कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश और कांस्टेबल जगदीश की विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने पुराने रिकॉर्ड का सूक्ष्म अध्ययन किया, आरोपियों के रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित संपर्कों पर लगातार निगरानी रखी तथा विभिन्न स्थानों पर गोपनीय सूचना तंत्र सक्रिय किया। कई दिनों तक तकनीकी विश्लेषण, मानवीय सूचना संकलन और भौतिक सत्यापन के बाद पुलिस को सूचना मिली कि दोनों वारंटी ग्राम दयालपुरा, थाना शिवदासपुरा क्षेत्र में पहचान छिपाकर पुताई का कार्य कर रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को ग्राम दयालपुरा, थाना शिवदासपुरा, जिला जयपुर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए दोनों वारंटी सोनू उर्फ सौरभ पुत्र किशन लाल बैरवा, उम्र 32 वर्ष तथा विजय कुमार पुत्र किशन लाल बैरवा, उम्र 37 वर्ष, निवासी शांति नगर, खेरदा, थाना मानटाउन, जिला सवाई माधोपुर हैं।
इस कार्रवाई को थाना मानटाउन के थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश तथा कांस्टेबल जगदीश ने अंजाम दिया। वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी को सवाई माधोपुर पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
