सवाई माधोपुर: प्रकाश चंद अग्रवाल हत्याकांड का इनामी आरोपी रणजीत सिंह गिरफ्तार
गंगापुर सिटी के पूर्व चेयरमैन हत्याकांड में 11 साल से फरार 20 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस टीम ने पंजाब के मोगा से दबोचा।

सवाई माधोपुर की मानटाउन थाना पुलिस और सायबर सेल की टीम पंजाब के मोगा से गिरफ्तार किए गए आरोपी रणजीत सिंह के साथ।
पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर श्री अनिल कुमार बेनीवाल आईपीएस ने बताया कि श्रीमान महानिरीक्षक पुलिस, भरतपुर रेंज, भरतपुर के आदेशानुसार वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे ऑपरेशन शिकंजा के तहत थानाधिकारी थाना मानटाउन श्री सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सफलता प्राप्त की है। टीम ने 11 साल से फरार 20 हजार रूपये के ईनामी बदमाश रणजीत सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी दारापुर जिला मोगा (पंजाब) को मोगा से दबोच लिया है।
मफरूर आरोपी पर था 20 हजार का ईनाम
- रणजीत सिंह की गिरफ्तारी पर 20 हजार रूपये का ईनाम वर्ष 2023 से घोषित था।
- यह बदमाश गंगापुर सिटी के बहुचर्चित प्रकाश चन्द अग्रवाल चेयरमेन हत्याकांड में वांछित था।
ये था मामला: चेयरमेन प्रकाश चन्द अग्रवाल की हत्या
"परिवादी प्रेम देवी अग्रवाल निवासी गंगापुर सिटी ने दिनांक 09.06.2015 को प्रकरण दर्ज करवाया था कि मेरे पति प्रकाश चन्द अग्रवाल की कुछ अज्ञात बदमाशों ने घर के बाहर गाड़ी अन्दर लेते समय डाईविंग सीट पर बैठे की गोली मार कर हत्या कर दी।"
इस घटना पर थाना गंगापुर सदर पर अभियोग संख्या 108/2015 धारा 302, 120बी, 34 भादस व 03/25 आर्म्स एक्ट में दर्ज हुआ था। उक्त प्रकरण में पुलिस द्वारा अब तक 15 आरोपियों में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, सिर्फ रणजीत सिंह की गिरफ्तारी शेष थी। रणजीत सिंह के खिलाफ मफरूरी में चालान न्यायालय में पेश किया गया था।
कैसे पकड़ में आया शातिर बदमाश
हत्या की वारदात के उपरांत कई वर्षों तक रणजीत सिंह अपने गांव नहीं गया। उसने पंजाब, राजस्थान एवं उत्तरप्रदेश के कई जिलों में फरारी काटी। इसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस की टीमों द्वारा कई बार उसके गांव एवं रिश्तेदारियों में दबीशे दी थी।
इस अपराधी की गिरफ्तारी के लिए विशेष दल का गठन किया गया। इस विशेष टीम को तकनीकी एवं मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि रणजीत सिंह अपने घर आया हुआ है। इस सूचना पर पुलिस टीम को भेजा गया जिसने घेराबंदी कर स्थानीय पुलिस की मदद से उसे धरदबोचा।
अपराधिक रिकार्ड
बदमाश रणजीत सिंह के विरूद्ध आर्म्स एक्ट व लूट के अनेक प्रकरण पूर्व में दर्ज हैं।
कार्यवाही में शामिल रही विशेष टीम
- श्री सुनील कुमार गुप्ता (थानाधिकारी)
- श्री अजीत मोगा (उप निरीक्षक सायबर सेल)
- धर्मेन्द्र चौधरी (सहायक उप निरीक्षक)
- लक्ष्मण सिंह (सहायक उप निरीक्षक)
- संजय कुमार (हैड कानिस्टेबल)
- महेन्द्र कुमार (हैड कानि सायबर सेल)
- केदार प्रसाद (कानिस्टेबल)
- ऋषिकेश (कानिस्टेबल)
- श्री राजकुमार (कानिस्टेबल)

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
