सवाई माधोपुर: होटल पर गांजा बेचते संचालक गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई
खण्डार थाना पुलिस ने सुखवास गांव स्थित एक होटल पर दबिश देकर 2 किलो 280 ग्राम गांजा बरामद किया। आरोपी ट्रक ड्राइवरों को नशीले पदार्थ की सप्लाई करता था।

सवाई माधोपुर जिले के खण्डार थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 280 ग्राम गांजा जब्त कर होटल संचालक गोपाल माली को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसका पुत्र मुकेश माली बाहर से गांजा लाता था और दोनों मिलकर रात के समय ट्रक चालकों को अवैध रूप से गांजा बेचते थे, जिससे उनके होटल पर अधिक संख्या में ट्रक चालक रुकते थे और उनकी आमदनी होती थी।
सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी, पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार तथा श्री विजय सिंह आरपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर और श्री रामधन जाट आरपीएस, वृत्ताधिकारी वृत्त ग्रामीण सवाई माधोपुर के सुपरविजन में लक्ष्मण सिंह, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी थाना खण्डार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध यह कार्रवाई की।
कार्रवाई के अनुसार 2 जुलाई 2026 की रात्रि में जिला विशेष टीम (डीएसटी) से प्राप्त सूचना पर खण्डार पुलिस ने नेशनल हाईवे-552 स्थित सुखवास गांव में गोपाल सैनी रेस्टोरेंट पर दबिश दी। तलाशी के दौरान होटल संचालक गोपाल माली पुत्र मांगीलाल, उम्र 62 वर्ष, निवासी सुखवास, थाना खण्डार के कब्जे से 2 किलो 280 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी गोपाल माली ने बताया कि उसका पुत्र मुकेश माली बाहर से गांजा लाता है। रात के समय बाहरी ट्रक चालकों की मांग रहने के कारण वह और उसका पुत्र मुकेश माली अवैध रूप से ट्रक ड्राइवरों को गांजा बेचते थे। गांजा उपलब्ध होने से अधिक संख्या में ट्रक चालक उनके होटल पर रुकते थे, जिससे उनकी आमदनी होती थी। मामले में आरोपी से अनुसंधान जारी है।
पुलिस ने इस संबंध में थाना खण्डार पर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 111(2)(4/41) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
इस कार्रवाई में जिला विशेष टीम (डीएसटी) के साथ श्री धर्मपाल सिंह, उपनिरीक्षक, चौकी बी खुर्द थाना खण्डार, श्री दौलतसिंह एएसआई, श्री अमृत कानि. 1378, श्री अजय कानि. 1003 तथा श्री अशोक कानि. 73 की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह कार्रवाई जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध पुलिस की लगातार जारी सख्त मुहिम का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है।

