सवाई माधोपुर: बामनवास पुलिस ने साइबर ठग आशीष मीना को किया गिरफ्तार
सवाई माधोपुर पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया, आरोपी के बैंक खाते से लाखों की संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिली।

सवाई माधोपुर जिले के बामनवास थाना पुलिस ने साइबर अपराध के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल करते हुए म्यूल अकाउंट के माध्यम से आमजन को इलेक्ट्रॉनिक प्रलोभन देकर ठगी करने वाले एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी आशीष कुमार मीना लंबे समय से तकनीकी साधनों का दुरुपयोग कर लोगों को अपना शिकार बना रहा था।
पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी (IPS) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बौंली श्री नीलकमल मीना (RPS) और बामनवास पुलिस उपाधीक्षक श्री सीताराम मीना (RPS) के सुपरविजन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बामनवास थानाधिकारी कैलाश चंद शर्मा और उनकी टीम ने इस कार्यवाही को अंजाम दिया। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 15 अप्रैल 2026 को प्राप्त आधिकारिक पत्रांक 606 के जरिए कैनरा बैंक, गंगापुर सिटी शाखा के खाता संख्या 110234204095 (IFSC: KNRB0003602) के संदिग्ध होने की सूचना मिली थी। इस म्यूल अकाउंट में साइबर फ्रॉड की करीब 6,50,925.48 रुपये की राशि प्राप्त होना और उसका यूपीआई व अन्य माध्यमों से तत्काल डेबिट किया जाना पाया गया। खाते में 6,50,905.88 रुपये की निकासी और 570.40 रुपये होल्ड होने की पुष्टि हुई।
आरोपी आशीष कुमार मीना पुत्र जगराम, निवासी राधेकी, थाना बामनवास, कोई वैध व्यवसाय नहीं करता था और मोबाइल के जरिए टिप्परिंग कर लोगों को ठगने का कार्य कर रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अक्सर घर से बाहर रहता है। पुलिस टीम ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई बार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी टीम की सहायता से लोकेशन ट्रेस करने के बाद, 1 जून 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर थानाधिकारी कैलाश चंद शर्मा, हेड कांस्टेबल विजेन्द्र कुमार (306) और कांस्टेबल अशोक कुमार (1419) की टीम ने आरोपी को राधेकी रोड से डिटेन किया और गहन अनुसंधान के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। इस ऑपरेशन में हेड कांस्टेबल विजेन्द्र कुमार की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने करीब तीन किलोमीटर तक जंगल में पीछा कर आरोपी को दबोचा। फिलहाल आरोपी से फ्रॉड की राशि के ट्रांजेक्शन के संबंध में अनुसंधान जारी है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
