सवाई माधोपुर: मानटाउन पुलिस ने अवैध हथियार के साथ शातिर अपराधी को दबोचा
मानटाउन पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अजय को गिरफ्तार किया, कब्जे से एक देशी कट्टा और लाखेरी से चोरी की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद।

सुश्री ज्येष्ठा मैत्रयी आईपीएस जिला पुलिस अधीक्षक महोदय जिला सवाई माधोपुर के निर्देशन में एवं अति० पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर श्री विजय सिंह व श्री उदय सिंह पुलिस उपाधीक्षक शहर सवाई माधोपुर के सुपरविजन में मानटाउन थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। थानाधिकारी श्री सुनील कुमार गुप्ता पु०नि० के नेतृत्व में गठित टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल की है।
घेराबंदी कर सीमेंट फैक्ट्री मैदान से दबोचा आरोपी
दिनांक 04.04.2026 को सायंकाल गश्त के दौरान श्री प्रेमप्रकाश सहायक उप-निरीक्षक मय जाप्ता को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि सीमेंट फैक्ट्री मैदान में एक संदिग्ध व्यक्ति बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार है और उसके पास अवैध हथियार है जिसे वह बेचने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर प्रभावी घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की आंठ से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। जब पुलिस द्वारा हथियार के संबंध में वैध लाइसेंस मांगा गया तो आरोपी कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
शातिर अपराधी और चोरी की पल्सर का खुलासा
पुलिस ने अवैध हथियार और बिना नम्बर की पल्सर मोटरसाईकिल को जप्त कर आरोपी अजय उर्फ राशी उर्फ रामचरण पुत्र श्री रामकेश उर्फ ग्यारस्या उर्फ गोपाल उम्र 24 साल जाति मोग्या निवासी घुराकर थाना कैलादेवी जिला करौली हाल निवासी छुरियाकी थाना सदर जिला करौली को गिरफ्तार किया। थाना वापसी पर आरोपी के विरुद्ध प्रकरण संख्या 123/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में पंजीबद्ध किया गया। पुलिस द्वारा की गई गहनता से अनुसंधान में यह तथ्य सामने आया कि बरामद की गई बिना नम्बरी प्लसर मोटरसाईकिल को लाखेरी से चोरी किया गया था जिसके संबंध में थाना लाखेरी जिला बुन्दी में मोटरसाईकिल चोरी का प्रकरण संख्या 36/2026 धारा 303 (2) बीएनएस में पहले से ही पजीबद्ध है।
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पकड़ा गया आरोपी अजय उर्फ राशी उर्फ रामचरण एक आदतन अपराधी है जिसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध चोरी के प्रकरण में थाना ईटावा जिला कोटा में 4 प्रकरण पंजीबद्ध हैं। इसके अतिरिक्त आरोपी के खिलाफ नकबजनी का एक प्रकरण थाना कैलादेवी जिला करौली में तथा चोरी का एक अन्य प्रकरण थाना इन्द्रगढ़ जिला बुन्दी में भी पंजीबद्ध है। "अवैध हथियारों के विरुद्ध थाना मानटाउन पुलिस की यह बड़ी कार्यवाही जिला पुलिस की सजगता को दर्शाती है।"
कार्यवाही करने वाली पुलिस टीम
इस सफल कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता पु०नि० थाना मानटाउन के साथ श्री प्रेम प्रकाश स० उ०नि०, श्री मदन लाल विश्नोई स०उ०नि०, श्री बलराम कानि० 1139, श्री अशोक कानि० 1357 और श्री दीपू कानि० 1459 शामिल रहे जिन्होंने मुस्तैदी से कार्य करते हुए अपराधी को गिरफ्तार किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
