सवाई माधोपुर पुलिस की कार्रवाई: केबल चोर और स्थाई वारंटी गिरफ्तार
मलारना डूंगर थाना पुलिस ने केबल चोरी के मामले में एक युवक को पकड़ा है, साथ ही वर्षों से फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को भी गिरफ्तार किया गया।

तस्वीर में बाईं ओर स्थाई वारंटी हारून और दाईं ओर केबल चोरी के आरोपी ईशान खान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
सवाई माधोपुर। सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी, आईपीएस, पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर के निर्देशन, श्री विजय सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर और श्री जयप्रकाश अटल, वृताधिकारी वृत शहर सवाई माधोपुर के सुपरविजन में थाना मलारना डूंगर पुलिस ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए दो बड़ी कार्यवाहियों को अंजाम दिया है। थानाधिकारी पुलिस थाना मलारना डूंगर, श्री राजेश कुमार (पु.नि.) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने केबल चोरी के एक मामले का खुलासा करने के साथ ही लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को भी धर दबोचा है।
प्रथम कार्यवाही के अंतर्गत, दिनांक 25 जून 2026 को पुलिस थाना मलारना डूंगर पर दर्ज प्रकरण संख्या 134/2026, धारा 303 (2) बीएनएस के तहत बिजली केबल चोरी की घटना में अज्ञात चोरों की तलाश हेतु श्री सुनील दत्त (स.उ.नि.) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन अनुसंधान के उपरांत कार्यवाही करते हुए मलारना डूंगर निवासी ईशान खान पुत्र फैयाज खान (20 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी ने केबल चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी ओर, पुलिस अधीक्षक द्वारा वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, थानाधिकारी राजेश कुमार के निर्देश पर श्री जयदेव (हेड कानि. 333) मय टीम द्वारा दिनांक 26 जून 2026 को बड़ी कार्रवाई की गई। टीम ने माननीय न्यायालय एसीजेएम बौंली के प्रकरण संख्या 436/2016 व 123/14 में लंबे समय से फरार चल रहे स्थाई वारंटी हारून पुत्र अब्राहिम खान (47 वर्ष), निवासी मलारना चौड, को अनियाला हार से गिरफ्तार किया। इन दोनों कार्यवाहियों में श्री सुनील दत्त (ए.एस.आई.), श्री जयदेव (हेड कानि. 333), श्री मुकेश (हेड कानि. 990), श्री शारूप (कानि. 1450), श्री देउराम (कानि. 1558) और श्री केदार (कानि. 1138) की भूमिका सराहनीय रही। अपराधियों की इस गिरफ्तारी से स्थानीय स्तर पर कानून का भय पुनः स्थापित हुआ है और पुलिस का यह सख्त रुख क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
