सवाई माधोपुर: पुलिस पर ट्रैक्टर चढ़ाने का आरोपी आशाराम गुर्जर गिरफ्तार
मित्रपुरा थाना पुलिस ने हेड कांस्टेबल को कुचलने के प्रयास के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गुडला नदी क्षेत्र से पकड़ा।

सवाई माधोपुर के मित्रपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला करने का आरोपी आशाराम गुर्जर (बाएं) और गिरफ्तारी में मुख्य भूमिका निभाने वाले एएसआई रविंद्र कुमार शर्मा (दाएं)।
सवाई माधोपुर जिले के मित्रपुरा थाना क्षेत्र में अवैध बनास बजरी परिवहन के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के दौरान हैड कांस्टेबल को ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक आशाराम गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। अवैध बजरी परिवहन और पुलिस पर हमले से जुड़ा यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी, आईपीएस के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बौली श्री नीलकमल आरपीएस और पुलिस उपाधीक्षक वृत्त बौली श्री उमेश गुप्ता आरपीएस के सुपरवीजन में यह कार्रवाई की गई। मित्रपुरा थाना प्रभारी श्रीमती सुशीला मीना पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अभियोग संख्या 41/2026 में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
घटना 15 अप्रैल 2026 की है। थाना मित्रपुरा के हैड कांस्टेबल श्री भीम सिंह नंबर 1276 ने अवैध बनास बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया था। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए ट्रैक्टर को हैड कांस्टेबल के ऊपर जान से मारने की नियत से चढ़ाकर भगाने का प्रयास किया। मामले के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त आशाराम गुर्जर पुत्र गबरू गुर्जर, उम्र 21 वर्ष, निवासी गुडला नदी, पुलिस थाना बौली, जिला सवाई माधोपुर को 9 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 305(E), 117(2), 121(1), 121(2), 132, 109(1) बीएनएस तथा 4/21 एमएमडीआर एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार प्रकरण में गहन अनुसंधान जारी है और अवैध बजरी परिवहन नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी में एएसआई श्री रविन्द्र कुमार शर्मा की विशेष भूमिका रही। कार्रवाई में थाना प्रभारी श्रीमती सुशीला मीना, एएसआई श्री रविन्द्र कुमार शर्मा, हैड कांस्टेबल श्री मुकेश नंबर 302, कांस्टेबल श्री तेजराम सिंह नंबर 80, श्री नरेन्द्र नंबर 295, श्री शीशराम नंबर 142, श्री सीताराम नंबर 297, श्री हुकमाराम नंबर 1489, श्री विनोद नंबर 1420, श्री भल्लाराम नंबर 1407 तथा श्री राजेन्द्र नंबर 1574 शामिल रहे।
अवैध बनास बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ सवाई माधोपुर पुलिस की यह कार्रवाई कानून व्यवस्था पर सीधी चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
