सवाई माधोपुर, 6 अगस्त। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड जिलेभर में पीएम सूर्य घर योजना एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 7 से 10 अगस्त तक विशेष शिविर आयोजित करेगा। इन शिविरों का उद्देश्य पात्र उपभोक्ताओं को बिजली एवं सौर ऊर्जा योजनाओं से जोड़ते हुए रूफटॉप सोलर संयंत्र और घरेलू विद्युत कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

अधीक्षण अभियंता आर.के. मीना ने बताया कि शिविरों में पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र की स्थापना, देय अनुदान, बिजली बिल में संभावित बचत तथा आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र उपभोक्ताओं से मौके पर ही आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत चिन्हित गांवों में घरेलू विद्युत कनेक्शन से वंचित पात्र परिवारों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर नियमानुसार नए विद्युत कनेक्शन जारी करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

अधीक्षण अभियंता ने बताया कि 7 अगस्त को खण्डार, चौथ का बरवाड़ा, बामनवास एवं बौंली, 8 अगस्त को गंगापुर सिटी प्रथम, गंगापुर सिटी द्वितीय एवं वजीरपुर तथा 10 अगस्त को सवाई माधोपुर प्रथम, सवाई माधोपुर द्वितीय एवं मलारना डूंगर विद्युत उपखण्ड के सहायक अभियंता कार्यालयों में शाम 5 बजे तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में आवेदन जमा करने के साथ आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन की सुविधा भी एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने, अधिकाधिक पात्र उपभोक्ताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। जयपुर डिस्कॉम ने पात्र उपभोक्ताओं से निर्धारित तिथि पर संबंधित शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story