सवाई माधोपुर, 29 मई। पीएम श्री विद्यालयों में आयोजित किए जा रहे 15 दिवसीय अभिरुचि शिविर विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए एक सशक्त माध्यम साबित हो रहे हैं। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार, जिले के 10 राजकीय पीएम श्री विद्यालयों में 16 मई से 31 मई तक इन शिविरों का सफल संचालन किया जा रहा है, जहाँ विद्यार्थी रचनात्मक, शारीरिक और मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं।

इसी कड़ी में खंडार ब्लॉक के राजकीय पीएम श्री उच्च माध्यमिक विद्यालय फलोदी क्वारी तथा पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लहसोड़ा का एडीपीसी (समग्र शिक्षा) दिनेश कुमार गुप्ता एवं कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीणा द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने शिविर में उपस्थित विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर संचालित गतिविधियों का फीडबैक लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को इन शिविरों में सक्रियता बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया और शिविर प्रभारियों को कार्यक्रमों के प्रभावी एवं सुचारू निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीणा ने स्पष्ट किया कि पीएम श्री योजना के तहत इन 15 दिवसीय शिविरों का आयोजन मुख्य रूप से कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को दृष्टिगत रखते हुए किया गया है। इन शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों को खेलकूद, कला, संस्कृति और रचनात्मक कार्यक्रमों से जोड़कर उनके व्यक्तित्व को नई ऊंचाई प्रदान की जा रही है। जिला शिविर प्रभारी चंद्र मोहन शर्मा ने इस पहल के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इन शिविरों का मूल लक्ष्य शिक्षण प्रक्रिया को गतिविधि-आधारित और रोचक बनाना है, ताकि विद्यालयों को एक आनंददायक शिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके। यह प्रयास विद्यार्थियों में सीखने की ललक को बढ़ाने और उन्हें विद्यालयी वातावरण के प्रति अधिक सकारात्मक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story