हर घर तिरंगा अभियान में सवाई माधोपुर में सजी विभाजन विभीषिका स्मृति प्रदर्शनी
सवाई माधोपुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभाजन विभीषिका स्मृति प्रदर्शनी लगी, विद्यार्थियों और आमजन ने इतिहास, तिरंगे का गौरव और राष्ट्रभक्ति के संदेश देखे।

तस्वीर में सवाई माधोपुर के सूचना केंद्र में लगी प्रदर्शनी के दौरान दाईं ओर खड़े अधिकारी बाईं ओर मौजूद युवाओं के समूह को चित्रों और पोस्टरों की जानकारी दे रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संचालित “हर घर तिरंगा अभियान-2026” के तहत शुक्रवार, 14 अगस्त को जिला प्रशासन द्वारा सूचना केन्द्र, सवाई माधोपुर में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं हर घर तिरंगा विषय पर आधारित विशेष प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, आमजन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पहुंचकर भारत विभाजन की त्रासदी, स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों तथा राष्ट्रीय ध्वज के गौरव से जुड़े प्रेरक प्रसंगों का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में वर्ष 1947 के भारत विभाजन के दौरान हुए विस्थापन, संघर्ष, बलिदान एवं मानवीय पीड़ा को चित्रों, संदेशों एवं प्रदर्श सामग्री के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के इतिहास, महत्व, गरिमा तथा “हर घर तिरंगा” अभियान के उद्देश्यों को भी आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से युवाओं एवं विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा देशभक्ति की भावना को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
प्रदर्शनी के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी, आमजन, विद्यार्थियों एवं वाचनालय के प्रतिभागियों ने एलईडी पर वीडियो लघु फिल्म के माध्यम से विभाजन विभीषिका की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान विद्यार्थियों एवं आमजन ने सूचना केन्द्र परिसर में स्थापित तिरंगा सेल्फी पॉइंट पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर अभियान से जुड़ाव का संदेश दिया। वहीं तिरंगा कैनवास पर हस्ताक्षर कर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं विकसित भारत के संकल्प से जुड़े प्रेरक संदेश भी अंकित किए।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे “हर घर तिरंगा” अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराएं तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
