सवाई माधोपुर में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत शनिवार, 14 नवम्बर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में जारी रहा। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी के बीच चुनाव पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया और जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त निर्वाचन पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया ने पंचायत समिति सवाई माधोपुर के जीनापुर एवं कुस्तला, पंचायत समिति गंगापुर सिटी के मीणा पाड़ा तथा पंचायत समिति वजीरपुर के रेंडायल गुर्जर स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्यारौली में स्थापित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला परिषद वार्ड संख्या 30 एवं पंचायत समिति वार्ड संख्या 8 के बूथों पर मतदान की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान पीठासीन अधिकारी को निर्देश दिए कि मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया समझाने के लिए डमी ईवीएम का उपयोग किया जाए। साथ ही मतदान केंद्र पर मौजूद सभी निर्वाचन अभिकर्ताओं को अपने पहचान पत्र हर समय प्रदर्शित रखने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने गंगापुर सिटी उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सारोली और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खानपुर बड़ौदा स्थित मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महू कलां में पंचायत समिति वार्ड संख्या 15 एवं जिला परिषद वार्ड संख्या 28 के लिए स्थापित मतदान केंद्रों की व्यवस्थाएं देखीं।

महू कलां स्थित आदर्श मतदान केंद्र पर मतदाताओं के स्वागत के लिए आकर्षक सजावट की गई है। मतदाताओं की सहायता के लिए स्वयंसेवकों (वालंटियर) को भी नियोजित किया गया है। विद्यालय परिसर में कुल सात मतदान बूथ संचालित किए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों से मतदान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के साथ राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

इसी क्रम में पंचायत समिति चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान जारी रहा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही एरिया एवं जनरल मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों और अन्य अधिकारियों ने भी मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी।

पंचायतीराज चुनाव के चतुर्थ चरण में प्रशासनिक अधिकारियों के इन निरीक्षणों के जरिए मतदान केंद्रों पर निर्वाचन व्यवस्थाओं, पारदर्शिता और आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन की स्थिति का जायजा लिया गया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story