सवाई माधोपुर पंचायतीराज चुनाव मतगणना के लिए कक्ष और सुरक्षा व्यवस्था तय
जिला कलक्टर ने साहूनगर स्कूल में होने वाली वोटों की गिनती के लिए पंचायत समिति वार टेबल निर्धारित किए और मोबाइल फोन व प्रतिबंधित सामग्री पर रोक लगाई।

सवाई माधोपुर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणामों का इंतजार 20 नवंबर को खत्म होगा। जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, साहूनगर में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित मतगणना सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गणना प्रातः 8 बजे से शुरू होगी, जबकि जिला परिषद सदस्यों के मतों की गिनती दोपहर 12 बजे से प्रारंभ की जाएगी।
मतगणना के लिए पंचायत समिति वार कक्ष और टेबल निर्धारित किए गए हैं। पंचायत समिति बामनवास के लिए कक्ष संख्या 4 में 12 टेबल और कक्ष संख्या 6 में 11 टेबल लगाई जाएंगी। पंचायत समिति बौंली के लिए कक्ष संख्या 10 में 12 तथा कक्ष संख्या 11 में 11 टेबल निर्धारित की गई हैं। पंचायत समिति खण्डार के लिए कक्ष संख्या 28 में 12 और कक्ष संख्या 29 में 11 टेबल रहेंगी। वहीं, पंचायत समिति मलारना डूंगर के लिए कक्ष संख्या 30 में 12 टेबल निर्धारित की गई हैं।
इसी प्रकार पंचायत समिति वजीरपुर के लिए कक्ष संख्या 7 में 11 टेबल, सवाई माधोपुर के लिए कक्ष संख्या 14 में 23 टेबल और गंगापुर सिटी के लिए कक्ष संख्या 22 में 20 टेबल पर मतगणना होगी। चौथ का बरवाड़ा पंचायत समिति के लिए कक्ष संख्या 25 में 11 तथा कक्ष संख्या 26 में 10 टेबल निर्धारित की गई हैं।
मतगणना स्थल पर प्रवेश के लिए फोटोयुक्त प्रवेश पत्र अनिवार्य किया गया है। गणना कार्य में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों और उनके गणना अभिकर्ताओं को प्रवेश पत्र के आधार पर ही मतगणना भवन में प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक गणना अभिकर्ता को अपना प्रवेश पत्र साथ रखना होगा। अभिकर्ता को केवल उसी मतगणना कक्ष और टेबल पर उपस्थित रहने की अनुमति होगी, जिसके लिए उसकी नियुक्ति की गई है। अन्य मतगणना कक्षों में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
मतगणना स्थल पर प्रवेश के दौरान मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। मोबाइल फोन, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, तम्बाकू और अन्य प्रतिबंधित सामग्री मतगणना भवन में ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को मोबाइल फोन रखने की अनुमति दी गई है।
मतगणना की प्रक्रिया में सबसे पहले संबंधित रिटर्निंग अधिकारी की टेबल पर डाक मतपत्रों की गणना की जाएगी। इसके बाद संबंधित मतदान केंद्रों की कंट्रोल यूनिट मतगणना टेबल पर लाई जाएगी और ईवीएम में दर्ज मतों की गिनती शुरू होगी। पूरी प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिला पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में मतगणना कक्षों के बाहर, भवन और परिसर में पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा। इसके साथ ही मतगणना स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, अल्पाहार, भोजन, बिजली और चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
मतगणना दिवस पर सुबह 7 बजे से मतगणना पूरी होने तक नगर परिषद सवाई माधोपुर की ओर से अग्निशमन वाहन और कार्मिक तैनात किए जाएंगे। प्रत्येक मतगणना कक्ष में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था भी की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों को निर्देश दिए हैं कि मतगणना से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयावधि में पूरी की जाएं और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित हो, ताकि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना निर्धारित समय पर व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
