सवाई माधोपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चौथ का बरवाड़ा, सवाई माधोपुर, वजीरपुर एवं गंगापुर सिटी पंचायत समितियों में होने वाले चुनाव के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने मंगलवार, 10 नवम्बर को अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में रिटर्निंग अधिकारियों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों एवं संबंधित विकास अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित तरीके से पूरी करने के लिए कहा गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए इन केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सेक्टर एवं एरिया मजिस्ट्रेट, मतदान दलों और रिजर्व मतदान दलों के लिए आवास, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था समय पर करने को कहा। डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान कराने के लिए गठित टीमों की नियुक्ति एवं उनकी कार्ययोजना भी निर्धारित समय में तैयार करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रत्येक मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में बैरिकेडिंग करवाने तथा आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मतदान दलों को उपलब्ध कराई जाने वाली निर्वाचन सामग्री की जांच करने, रिजर्व ईवीएम को सेक्टर मजिस्ट्रेट के माध्यम से संबंधित मतदान केंद्रों तक पहुंचाने तथा मशीन में खराबी आने पर तत्काल दूसरी मशीन उपलब्ध कराने की प्रभावी व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।

मतदान दिवस पर प्राप्त होने वाली सूचनाओं का समयबद्ध संप्रेषण सुनिश्चित करने के साथ सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की सुविधा के लिए जरूरी प्रबंध करने तथा मतदान केंद्रों पर स्काउट गाइड एवं एनएसएस स्वयंसेवकों का सहयोग लेने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पंचायत समिति गंगापुर सिटी एवं वजीरपुर में स्थापित किए जाने वाले इंटरमीडिएट स्ट्रॉन्ग रूम की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। पंच एवं सरपंच पदों के नाम निर्देशन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने, बैलेट पेपर तैयार करने के लिए आरक्षित मतदान दलों का उपयोग करने तथा मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सरपंच पद की मतगणना के लिए आवश्यक गणना टेबलों एवं अन्य सामग्री की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ कार्य करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने पर जोर दिया।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, चुनाव शाखा प्रभारी हनुमान जैन, संबंधित रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं चारों पंचायत समितियों के विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story