राजस्थान के सवाई माधोपुर में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। सोमवार, 12 अक्टूबर को कलक्ट्रेट सभागार में करीब चार घंटे तक चली मैराथन बैठक में कानून-व्यवस्था, ईवीएम के सुरक्षित भंडारण, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, मतदान दलों की रवानगी और संचार व्यवस्था सहित निर्वाचन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिटर्निंग अधिकारियों एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्वाचन विभाग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं सतर्कता से निर्वहन करने और निर्वाचन संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय पर पूरी करने को कहा।

संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश देते हुए काना राम ने पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात करने, ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित गश्त एवं फ्लैग मार्च करने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखना आवश्यक है।

बैठक में मतदान दलों की रवानगी, रेंडमाइजेशन, मतदाता सूचियों, बैलेट पेपर प्रिंटिंग, चुनाव सामग्री वितरण और मतगणना केंद्रों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश, पंखे और आवश्यक साइनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं की तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं।

दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर रैंप, प्राथमिक उपचार किट और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही मतदान केंद्रों के 100 मीटर एवं 200 मीटर क्षेत्र का निर्धारित मानकों के अनुसार चिह्नांकन कर आवश्यक मार्किंग समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। नामांकन स्थलों पर अभ्यर्थियों एवं आमजन की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

ईवीएम की सुरक्षा को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्ट्रॉन्ग रूम में सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास नियंत्रण और अन्य सुरक्षा प्रबंध पुख्ता रखने के निर्देश दिए। दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए वायरलेस एवं सैटेलाइट संचार जैसी वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने को कहा गया। आवश्यकता के अनुसार जनरेटर एवं अतिरिक्त लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्यों में संचार और बिजली की बाधा से बचा जा सके।

निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी रिटर्निंग अधिकारियों को पुलिस अधिकारियों के साथ नियमित बैठकें करने और क्षेत्र भ्रमण के निर्देश दिए गए। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नामांकन एवं संवीक्षा संबंधी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अध्ययन करने, आदर्श आचरण संहिता की पालना सुनिश्चित करने तथा मतदान एवं मतगणना दिवस की कार्ययोजना पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए।

काना राम ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन संबंधी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा सहित सभी संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 को लेकर हुई इस समीक्षा बैठक में सुरक्षा, मतदान केंद्रों की सुविधाओं, ईवीएम की सुरक्षा और वैकल्पिक संचार व्यवस्था से संबंधित तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story