पंचायतीराज चुनाव 2026: खण्डार के मतदान केंद्रों पर पहुंचे जिला निर्वाचन अधिकारी, दिए सख्त निर्देश
सवाई माधोपुर में पंचायतीराज चुनाव 2026 की तैयारियों के बीच जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने खण्डार के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। बनास नदी पार कर खिदरपुर जादौन पहुंचे और मतदान व्यवस्था, सुरक्षा तथा अवैध खनन रोकथाम के लिए लगाए गए नाकों का जायजा लिया।

सवाई माधोपुर में पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों के तहत खण्डार के मतदान केंद्र पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से समीक्षा करते जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम।
सवाई माधोपुर में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के मतदान की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को खण्डार पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने खिदरपुर जादौन, नायपुर और रोड़ावद सहित अन्य मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने तथा मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के निर्देश दिए।
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए होने वाले मतदान की तैयारियों के निरीक्षण के दौरान काना राम ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, छाया, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दिवस पर मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैंप सहित जरूरी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए जनरेटर से पावर बैकअप की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा मतदान केंद्रों के 100 मीटर के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध के निर्देशों की पालना करवाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम नाव से बनास नदी पार कर खिदरपुर जादौन पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया और मतदान संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। काना राम ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने रोड़ावद क्षेत्र में अवैध खनन की रोकथाम के लिए वन, राजस्व और पुलिस विभाग की ओर से लगाए गए नाकों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सविता शर्मा, तहसीलदार पुष्कर सिंह, विकास अधिकारी दीपचन्द नागर, सीओ ग्रामीण रामधन जाट और थानाधिकारी बनी सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
