सवाई माधोपुर, 16 नवम्बर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण में सोमवार को सवाई माधोपुर जिले की ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान के दौरान लोकतंत्र के प्रति मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होते ही मतदान केंद्रों पर कतारें लगनी शुरू हो गईं। अपराह्न 3 बजे तक जिले में 61.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, जिले की चार पंचायत समितियों वजीरपुर, गंगापुर सिटी, चौथ का बरवाड़ा और सवाई माधोपुर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में 100 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में दिव्यांग मतदाता भी मतदान केंद्रों तक पहुंचे। कई दिव्यांग मतदाताओं ने व्हीलचेयर और परिजनों के सहारे मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभाई।

ग्राम पंचायत रामड़ी में 101 वर्षीय सूरजमल मीणा और भूरी पहाड़ी में 105 वर्षीय भंवर बाई ने परिजनों के साथ मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से सुगम मतदान की व्यवस्थाएं की गई थीं। मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर के साथ स्काउट-गाइड वॉलंटियर की सहायता सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि अपराह्न 3 बजे तक जिले के कुल 3 लाख 93 हजार 424 मतदाताओं में से 2 लाख 40 हजार 941 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे। इस तरह जिले में कुल मतदान प्रतिशत 61.24 दर्ज किया गया।

पंचायत समिति गंगापुर सिटी में सर्वाधिक 63.68 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां कुल 1 लाख 86 मतदाताओं में से 63 हजार 730 मतदाताओं ने वोट डाले। वहीं, चौथ का बरवाड़ा पंचायत समिति में 1 लाख 1 हजार 667 मतदाताओं में से 63 हजार 219 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां मतदान प्रतिशत 62.18 रहा।

सवाई माधोपुर पंचायत समिति में कुल 1 लाख 17 हजार 964 मतदाताओं में से 70 हजार 982 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां मतदान प्रतिशत 60.17 दर्ज किया गया। दूसरी ओर, वजीरपुर पंचायत समिति में 73 हजार 707 मतदाताओं में से 43 हजार 10 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां 58.35 प्रतिशत मतदान हुआ।

मतदान केंद्रों पर पहली बार वोट डालने वाले युवा मतदाताओं में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में युवा अपनी बारी का इंतजार करते हुए कतारों में खड़े नजर आए। महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं ने भी पूरे उत्साह के साथ मतदान में भाग लिया। मतदान के बाद महिला मतदाता अपनी अंगुली पर लगी स्याही का निशान दिखाकर खुशी जाहिर करती नजर आईं। कई मतदाताओं ने मतदान केंद्रों पर बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। चतुर्थ चरण के मतदान में बुजुर्गों और दिव्यांगों की सक्रिय भागीदारी के साथ युवाओं एवं महिलाओं की उल्लेखनीय मौजूदगी ने जिले की चारों पंचायत समितियों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति मतदाताओं की भागीदारी को रेखांकित किया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story