सवाई माधोपुर: दीपावली के कारण पंचायती राज चुनाव टालने की मांग
3 से 7 नवंबर के चुनाव कार्यक्रम से धनतेरस और दीपावली पर मतदान प्रभावित होने और कार्मिकों की असुविधा का हवाला दिया गया।

सवाई माधोपुर। पंचायती राज संस्थाओं के तृतीय चरण के चुनाव कार्यक्रम की तिथियां दीपावली पर्व से टकराने को लेकर राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ सवाई माधोपुर ने राज्य निर्वाचन आयोग से चुनाव कार्यक्रम में संशोधन की मांग की है। संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता राहुल सिंह गुर्जर ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त, राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर को ज्ञापन भेजकर 4 से 7 नवंबर 2026 तक निर्धारित चुनाव कार्यक्रम को दीपावली पर्व से अलग किसी उपयुक्त तिथि पर कराने का आग्रह किया है।
ज्ञापन में बताया गया कि तृतीय चरण के चुनाव के तहत 3 नवंबर को मतदान दल की रवानगी से लेकर 7 नवंबर तक लगातार पांच दिनों तक चुनाव संबंधी कार्य निर्धारित हैं। 4 नवंबर को पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों का मतदान, 5 नवंबर को पंच एवं सरपंच पद के लिए नामांकन, 6 नवंबर को सरपंच पद के लिए मतदान तथा 7 नवंबर को उप सरपंच पद का निर्वाचन निर्धारित है।
संघ ने कहा कि पूरा चुनाव कार्यक्रम दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार के दौरान होने से आमजन, मतदाताओं और चुनाव कार्मिकों के सामने व्यावहारिक कठिनाइयां उत्पन्न हो सकती हैं। विशेष रूप से 6 नवंबर को धनतेरस, 7 नवंबर को रूप चतुर्दशी/छोटी दीपावली तथा 08 नवंबर को महालक्ष्मी पूजन का पर्व है। धनतेरस के अवसर पर आमजन खरीदारी, व्यापार, कृषि कार्य तथा पारिवारिक एवं धार्मिक तैयारियों में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में मतदान प्रतिशत प्रभावित होने की संभावना है।
संघ ने यह भी बताया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं सरकारी कर्मचारी अपने गृह जिलों से सैकड़ों किलोमीटर दूर कार्यरत हैं। लगातार चुनावी ड्यूटी के कारण उन्हें चुनाव पश्चात 8 नवंबर को दीपावली के अवसर पर अपने परिवार एवं गृह जिले तक पहुंचने में कठिनाई हो सकती है। त्योहार के समय परिवहन साधनों पर बढ़ने वाला दबाव भी उनके लिए अतिरिक्त परेशानी का कारण बन सकता है।
जिलाध्यक्ष राहुल सिंह गुर्जर ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है, वहीं दीपावली भी देश-प्रदेश के लोगों का महत्वपूर्ण पारिवारिक एवं सामाजिक पर्व है। ऐसे में दोनों महत्वपूर्ण आयोजनों की तिथियां एक-दूसरे से टकराने के बजाय ऐसी तिथि निर्धारित की जानी चाहिए, जिससे आम मतदाता निर्बाध रूप से मतदान कर सके और चुनाव कार्य में लगे शिक्षक एवं कर्मचारी भी अपने परिवार के साथ दीपावली का पर्व मना सकें।
उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग से जनहित, मतदाता सुविधा, अधिकतम मतदान तथा चुनाव कार्मिकों की व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए तृतीय चरण के चुनाव कार्यक्रम पर पुनर्विचार कर दीपावली पर्व से अलग उपयुक्त तिथियां घोषित करने की मांग की है।
संघ ने विश्वास जताया कि राज्य निर्वाचन आयोग व्यापक जनहित एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
