सवाई माधोपुर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के दौरान चुनाव ड्यूटी में तैनात कार्मिकों और पुलिस कर्मियों के मतदान को लेकर प्रशासन ने डाक मतपत्र की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। चुनाव ड्यूटी के कारण अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर वोट नहीं डाल पाने वाले कार्मिक अब डाक मतपत्र के जरिए अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इसके लिए आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 9 नवम्बर 2026 निर्धारित की गई है।

जिले में जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्यों के आम चुनाव 2026 के तहत रिटर्निंग अधिकारियों के साथ मतदान दलों में नियुक्त मतदान अधिकारी एवं सहायक मतदान अधिकारी-प्रथम को प्रथम प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वहीं, मतदान अधिकारी-द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ को अंतिम प्रशिक्षण में ही बुलाया गया है।

डाक मतपत्र प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी युगल किशोर मीना ने बताया कि चतुर्थ चरण में चुनाव ड्यूटी पर नियुक्त ऐसे समस्त कार्मिक एवं पुलिस कर्मी, जो ड्यूटी के कारण अपने मतदान केंद्र पर मतदान नहीं कर सकते हैं, उन्हें डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की सुविधा दी जाएगी।

इसके लिए संबंधित कार्मिकों और पुलिस कर्मियों को प्ररूप-1 आवेदन प्रपत्र ड्यूटी ऑर्डर के साथ भरकर 9 नवम्बर 2026 तक डाक मतपत्र प्रकोष्ठ में अनिवार्य रूप से भिजवाना होगा। आवेदन किसान सेवा केन्द्र, पंचायत समिति परिसर, सवाईमाधोपुर में जमा कराए जा सकते हैं।

प्रभारी अधिकारी के अनुसार, निर्धारित समय सीमा में आवेदन करने वाले कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण स्थल पीएमश्री महात्मा गाँधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय साहूनगर में डाक मतपत्र उपलब्ध करवाए जाएंगे और वहीं उनके मतदान की व्यवस्था की जाएगी। इस प्रक्रिया के तहत चुनावी जिम्मेदारियों में तैनात कार्मिकों एवं पुलिस कर्मियों को भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलेगा।


Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story