सवाई माधोपुर पंचायत चुनाव: 20 नवंबर को होगी मतगणना, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
जिला कलक्टर काना राम ने मतगणना व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पंचायत समिति सदस्यों के लिए सुबह 8 बजे और जिला परिषद के लिए दोपहर 12 बजे शुरू होगी गिनती

सवाई माधोपुर में मतगणना स्थल का निरीक्षण करते जिला कलक्टर काना राम और अधिकारी।
सवाई माधोपुर में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन की मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतगणना में किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने और निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने बुधवार को मतगणना स्थल महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, साहूनगर में अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मतगणना 20 नवंबर को होगी। पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गणना सुबह 8 बजे और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना दोपहर 12 बजे से शुरू होगी।
बैठक में जिले की सभी पंचायत समितियों के रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना कक्षों और विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतगणना से जुड़ी सभी तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना कार्य पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए। इसके लिए सभी नियुक्त अधिकारी एवं कार्मिक अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन करें।
सवाई माधोपुर में सबसे अधिक 23 टेबलों पर होगी मतगणना
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पंचायत समिति बामनवास के लिए कक्ष संख्या 4 में 12 और कक्ष संख्या 6 में 11 टेबल निर्धारित की गई हैं। पंचायत समिति बौंली के लिए कक्ष संख्या 10 में 12 तथा कक्ष संख्या 11 में 11 टेबल लगाई जाएंगी। खण्डार पंचायत समिति के लिए कक्ष संख्या 28 में 12 और कक्ष संख्या 29 में 11 टेबल निर्धारित हैं। मलारना डूंगर पंचायत समिति के लिए कक्ष संख्या 30 में 12 टेबल रहेंगी।
इसी प्रकार वजीरपुर पंचायत समिति के लिए कक्ष संख्या 7 में 11 टेबल, सवाई माधोपुर पंचायत समिति के लिए कक्ष संख्या 14 में 23 टेबल और गंगापुर सिटी पंचायत समिति के लिए कक्ष संख्या 22 में 20 टेबल निर्धारित की गई हैं। चौथ का बरवाड़ा पंचायत समिति के लिए कक्ष संख्या 25 में 11 तथा कक्ष संख्या 26 में 10 टेबल पर मतगणना होगी। पंचायत समितियों के लिए निर्धारित कक्षों और टेबलों के अनुसार मतगणना की व्यवस्था की गई है।
मतगणना परिसर में मोबाइल फोन और वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
मतगणना दिवस पर प्रवेश और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्मिक अथवा मतगणना अभिकर्ता को मतगणना परिसर में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मतगणना स्थल के भीतर वाहनों का प्रवेश भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। मतगणना कार्य में नियुक्त कार्मिकों एवं गणना अभिकर्ताओं के वाहनों की पार्किंग साहूनगर खेल मैदान में निर्धारित स्थान पर करवाई जाएगी।
चुनाव संबंधी कार्यों में नियुक्त सभी अधिकारी एवं कार्मिक विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार से परिसर में प्रवेश करेंगे। गणना अभिकर्ताओं को गेट नंबर 1 से प्रवेश दिया जाएगा और उन्हें निर्धारित टेंट में बैठाया जाएगा। मलारना डूंगर, चौथ का बरवाड़ा, गंगापुर सिटी एवं खंडार के काउंटिंग एजेंटों के लिए विद्यालय भवन के पीछे स्थित प्रवेश द्वार निर्धारित किया गया है। वहीं सवाई माधोपुर, बौंली, बामनवास एवं वजीरपुर के काउंटिंग एजेंट फुटबॉल खेल मैदान की दिशा में स्थित प्रवेश द्वार से प्रवेश करेंगे। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्धारित प्रवेश द्वार और व्यवस्थाओं का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मतगणना सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
फोटोयुक्त प्रवेश पत्र के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश
मतगणना स्थल पर अभ्यर्थियों एवं उनके गणना अभिकर्ताओं को केवल फोटोयुक्त प्रवेश पत्र के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक गणना अभिकर्ता के लिए प्रवेश पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। अभिकर्ता को केवल उसी मतगणना कक्ष और टेबल पर उपस्थित रहने की अनुमति होगी, जिसके लिए उसकी नियुक्ति की गई है। किसी अन्य मतगणना कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
प्रवेश के दौरान मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। मोबाइल फोन के अलावा बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, तम्बाकू और अन्य प्रतिबंधित सामग्री मतगणना भवन में ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, रिटर्निंग अधिकारियों एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को मोबाइल फोन रखने की अनुमति दी गई है।
पहले डाक मतपत्रों की गणना, फिर ईवीएम के मतों की गिनती
मतगणना प्रक्रिया के तहत सबसे पहले संबंधित रिटर्निंग अधिकारी की टेबल पर डाक मतपत्रों की गणना शुरू की जाएगी। इसके बाद संबंधित मतदान केंद्रों की कंट्रोल यूनिट मतगणना टेबल पर लाई जाएगी और ईवीएम में दर्ज मतों की गणना की जाएगी। पूरी प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को मतगणना शुरू होने से पहले सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने तथा आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन संबंधी दायित्व निभाने के निर्देश दिए। 20 नवंबर को होने वाली मतगणना के लिए निर्धारित समय, टेबल, प्रवेश द्वार, सुरक्षा जांच और प्रतिबंधित सामग्री से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
