सवाई माधोपुर में पंच गौरव कार्यक्रम एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के कार्यों को गति देने के लिए सोमवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में जिला कलक्टर कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों योजनाओं के तहत स्वीकृत एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार पंच गौरव कार्यक्रम जिले की विशिष्ट पहचान, स्थानीय संसाधनों के संरक्षण, आर्थिक विकास, मूल्य संवर्धन, रोजगार और आजीविका सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जिले के एक जिला-एक उत्पाद (मार्बल मूर्तीकला), एक जिला-एक उपज (अमरूद), एक जिला-एक वनस्पति (नीम), एक जिला-एक खेल (फुटबॉल) और एक जिला-एक पर्यटन स्थल (रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान) के संरक्षण, संवर्धन, ब्रांडिंग एवं व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को वर्ष 2026-27 के लिए मापनीय लक्ष्य निर्धारित कर कार्ययोजना तैयार करने और पंच गौरव गतिविधियों का कैलेंडर जारी करने को कहा। साथ ही सभी प्रमुख आयोजनों, मेलों और कार्यक्रमों में पंच गौरव की प्रभावी ब्रांडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला कलक्टर ने खेल विभाग को फुटबॉल प्रतिभाओं के विकास, उद्योग विभाग को स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन एवं विपणन, वन विभाग को नीम वृक्ष कुंजों के विस्तार के साथ नीम कैक तैयार करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने, कृषि विभाग को अमरूद उत्पादन तथा पर्यटन विभाग को रणथंभौर से जुड़ी पर्यटक सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्ष 2025-26 में 755 लाख रुपये की स्वीकृतियां जारी की जा चुकी हैं। इनमें चौथ का बरवाड़ा खेल मैदान विकास, लाइब्रेरी एवं को-वर्किंग स्टेशन, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कन्वेंशन सेंटर, गणेश धाम-जोगी महल सड़क निर्माण तथा पालीघाट इको-टूरिज्म विकास जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

वहीं वर्ष 2026-27 में 783.03 लाख रुपये के आवंटन के विरुद्ध 17 विकास कार्यों के प्रस्ताव अनुमोदन के लिए राज्य स्तर पर भेजे गए हैं। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि स्वीकृत परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और वर्तमान वित्तीय वर्ष के बजटीय प्रावधानों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र अनुमोदन के लिए भेजे जाएं।

जिला कलक्टर ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य जिले की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेंद्र सिंह, उप निदेशक सांख्यिकी धर्मेन्द्र गुप्ता, उप निदेशक पर्यटन मधुसूदन सिंह, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबंधक पंकज मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

फोटो कैप्शन:- 3 पीआरओ 3 एवं 4 बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते जिला कलक्टर काना राम।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story