यू-ट्यूब पर 14 जून को ऑनलाइन योग सत्र, मिस्ड कॉल से होगा पंजीयन
आयुष मंत्रालय और हैबिल्ड हेल्थ टेक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस सत्र में प्रतिभागी मिस्ड कॉल देकर पंजीकरण करा सकेंगे।

सवाई माधोपुर में योग के वैश्विक प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 14 जून को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक यू-ट्यूब प्लेटफॉर्म के माध्यम से एक ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन आयुष मंत्रालय, भारत सरकार तथा हैबिल्ड हेल्थ टेक प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
संस्थापन अधिकारी, कलक्ट्रेट ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अब केवल एक आयोजन नहीं रहकर समग्र स्वास्थ्य, कल्याण एवं सामाजिक सद्भाव का वैश्विक प्रतीक बन चुका है। इसी उद्देश्य के साथ इस ऑनलाइन योग सत्र को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने की योजना बनाई गई है।
इस सत्र में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को अपने मोबाइल से टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीयन कराना होगा। पंजीयन पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को व्हाट्सएप के माध्यम से योग सत्र का लिंक भेजा जाएगा, जिसके जरिए वे सीधे यू-ट्यूब पर आयोजित कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे।
प्रशासन की ओर से सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, शिक्षण संस्थाओं, विभिन्न संगठनों के कार्मिकों, योगाभ्यासियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों, पेंशनर्स तथा वरिष्ठ नागरिकों से इस पहल में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। उद्देश्य यह है कि योग के माध्यम से एक व्यापक जनआंदोलन तैयार कर इसे विश्व रिकॉर्ड की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।
यह ऑनलाइन योग सत्र डिजिटल माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता और सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो योग को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
