सवाई माधोपुर। किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता में सुविधा और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने 25 नवंबर से ऑनलाइन उर्वरक बुकिंग व्यवस्था दोबारा शुरू कर दी है। इसके तहत किसान मोबाइल एप के माध्यम से अपनी जरूरत के अनुसार खाद की बुकिंग कर सकेंगे और ई-टोकन के जरिए अधिकृत विक्रेताओं से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे।

ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था दोबारा शुरू होने के बाद चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में खाद वितरण की स्थिति का जायजा लेने के लिए संयुक्त निदेशक लखपत लाल मीना, सहायक निदेशक खेमराज मीना और सहायक कृषि अधिकारी विजय जैन ग्राम सेवा सहकारी समिति बलरिया के सेल पॉइंट पहुंचे। यहां अधिकारियों ने खाद वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया और किसानों से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस दौरान आयोजित किसान गोष्ठी में कृषि अधिकारियों ने किसानों को ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया के साथ जैविक खादों के महत्व और संतुलित उर्वरक उपयोग के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गोबर खाद, कम्पोस्ट और वर्मी कम्पोस्ट के इस्तेमाल से मिट्टी की संरचना, जल धारण क्षमता और उर्वरता में सुधार होता है। उन्होंने किसानों को फसल अवशेषों से कम्पोस्ट तैयार करने तथा मिट्टी परीक्षण के आधार पर रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी।

सहायक कृषि अधिकारी विजय जैन ने बताया कि किसान एफएफएस मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन खाद बुकिंग कर सकते हैं। इसके लिए एप में सबसे पहले जिला, तहसील और गांव का चयन करना होगा। इसके बाद आधार ओटीपी अथवा फार्मर आईडी के जरिए सत्यापन कर आवश्यक खाद की बुकिंग की जा सकेगी। बुकिंग पूरी होने पर किसानों को क्यूआर कोड अथवा ई-टोकन मिलेगा, जिसे दिखाकर वे अधिकृत विक्रेता से खाद प्राप्त कर सकेंगे। ई-टोकन की वैधता 48 घंटे निर्धारित की गई है।

कृषि अधिकारियों ने खाद और बीज की खरीदारी को लेकर भी किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसान केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद एवं बीज खरीदें और प्रत्येक खरीद पर पक्का बिल अवश्य लें। बिल में सामग्री का नाम, मात्रा और दर की जांच करें। निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने या गुणवत्ता से जुड़ी किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर कृषि विभाग को इसकी सूचना दें।

कृषि विभाग ने किसानों से अपनी फार्मर आईडी तैयार रखने और ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था का लाभ उठाने की अपील की है। साथ ही जैविक खाद के इस्तेमाल और मिट्टी परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरक उपयोग अपनाने पर जोर दिया है, ताकि मिट्टी की सेहत बनाए रखने के साथ कृषि उत्पादन क्षमता में भी सुधार किया जा सके।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story