सवाई माधोपुर: 'निक्षय मित्र' पहल से टीबी मरीजों को मिल रहा पोषण सहयोग
सवाई माधोपुर में टीबी मरीजों की सहायता के लिए अधिकारियों और कर्मियों ने राशि जुटाकर निक्षय पोषण किट वितरित किए हैं।

सवाई माधोपुर कलेक्ट्रेट में टीबी मरीजों को निक्षय पोषण किट वितरित करते हुए प्रशासनिक अधिकारी।
सवाई माधोपुर में टीबी (क्षय) रोगियों के स्वास्थ्य सुधार की दिशा में चिकित्सा विभाग की 'निक्षय मित्र' पहल एक मिसाल बनकर उभरी है। जिले के 53 अधिकारियों और कर्मचारियों ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए टीबी पीड़ित मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निक्षय पोषण किट का वितरण किया। इस पुनीत कार्य हेतु कार्मिकों ने स्वयं 54 हजार रुपये की राशि जुटाई, वहीं जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने भी 60 हजार रुपये का योगदान देकर 250 पोषण किट वितरित किए। इस क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी द्वारा 50 किट और जिला टीबी अस्पताल के कार्मिकों द्वारा 100 किट रोगियों को सौंपे गए। जिले में अब तक कुल 2 हजार 242 राजकीय कार्मिक 'निक्षय मित्र' के रूप में पंजीकृत हो चुके हैं और अब तक 9 हजार 191 निक्षय किटों का वितरण किया जा चुका है।
जिला कलक्टर काना राम ने इस अभियान को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की सक्रियता का परिणाम है कि पिछले एक सप्ताह में ही जलग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग द्वारा 12 हजार रुपये, पीएचईडी विभाग द्वारा 10 हजार 800 रुपये तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा 6 हजार 750 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त, सीईओ गौरव बुडानिया, एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, डॉ. सरोज बैरवा, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हरि सिंह मीना, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी गोविंद सहाय मीना ने तीन-तीन हजार रुपये, जिला शिक्षा अधिकारी देवी लाल मीना ने 2 हजार रुपये, एसडीएम गौरव मित्तल, लेखा अधिकारी राम चरण मीना, जिला रसद अधिकारी राम भजन मीना ने एक-एक हजार रुपये, मीना लसाड़िया सीडीओ ने 500 रुपये, बृजलाल मीना अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी ने 2 हजार रुपये तथा जिला कृषि अधिकारी लखपत मीना ने 500 रुपये की सहायता राशि पोषण किट हेतु प्रदान की है।
जिला क्षय रोग अधिकारी अमित कुमार गोयल ने बताया कि यह पहल न केवल रोगियों के उपचार में सहायक है, बल्कि समाज के अन्य वर्गों को भी प्रेरित करती है। 'निक्षय मित्र' अभियान के तहत जिले में 100 दिवसीय विशेष टीबी मुक्त भारत अभियान भी जारी है। इसके अंतर्गत अब तक 133 कैंपों में 74 हजार से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। ब्लॉकवार विवरण में चौथ का बरवाड़ा में 12 कैंपों में 7363, खंडार में 28 कैंपों में 15741, गंगापुर सिटी में 17 कैंपों में 15847, बामनवास में 24 कैंपों में 23167, सवाई माधोपुर में 27 कैंपों में 7170, मलारना डूंगर में 13 कैंपों में 2692 तथा बौंली में 12 कैंपों में 2347 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई है। अभियान के दौरान 21 हजार 485 लोगों का चेस्ट एक्स-रे किया गया है। इन कैंपों में 14 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की टीबी के साथ-साथ शुगर, बीपी और हीमोग्लोबिन की भी निःशुल्क जांच की जा रही है। संदिग्ध मामलों में बलगम की जांच और तुरंत उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, साथ ही जेल, वृद्धाश्रम, अनाथालय और रैन बसेरों जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष स्क्रीनिंग पर जोर दिया जा रहा है, ताकि टीबी उन्मूलन का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
