हस्ताक्षर अभियान से मतदान का संदेश, सवाई माधोपुर में सतरंगी सप्ताह के तहत जागरूकता
सवाई माधोपुर में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर सतरंगी सप्ताह के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशन, स्वास्थ्य केन्द्र और कलेक्ट्रेट में सेल्फी प्वाइंट व फ्लेक्स के जरिए मतदान का संदेश दिया गया।

तस्वीर में एक व्यक्ति व्हीलचेयर पर बैठकर सवाई माधोपुर में मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान के तहत फ्लेक्स बोर्ड पर हस्ताक्षर कर रहा है।
सवाई माधोपुर, 3 सितंबर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने और मतदाताओं को निर्भय, निष्पक्ष एवं नैतिक मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से सतरंगी सप्ताह के तहत जिले में लगातार मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार को रेलवे स्टेशन सवाई माधोपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बजरिया, जिला कलेक्ट्रेट परिसर सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर हस्ताक्षर अभियान चलाकर मतदान का संदेश दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम तथा जिला नोडल स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मोहित कासनिया के निर्देशानुसार आयोजित इन गतिविधियों के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट स्टैंड एवं मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर फ्लेक्स लगाए गए। यहां नागरिकों एवं जागरूक मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए मताधिकार का प्रयोग करने और अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
जिला कलेक्ट्रेट परिसर में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया कर्मी एवं आमजन ने हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता की। सभी ने आगामी 9 सितंबर को होने वाले नगरीय निकाय आम चुनाव में मतदान करने का संदेश दिया।
जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि सतरंगी सप्ताह के माध्यम से जिले में प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों के जरिए विशेष रूप से युवाओं, नए मतदाताओं एवं आमजन को मतदान के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक एवं सूचित मतदान के लिए प्रेरित करना है।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आगामी नगरीय निकाय चुनाव में अधिकाधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। इस अवसर पर स्वीप टीम के हुकमचन्द नामा, मनीष कुमार शर्मा, विजेंद्र पाल सिंह आमेरा, सुनील गर्ग एवं चन्द्रप्रकाश शर्मा सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
