नीट पेपर लीक पर सवाई माधोपुर में गरजीं विधायक इंदिरा मीणा, सरकार को घेरा
सवाई माधोपुर में नीट पेपर लीक और लचर परीक्षा प्रणाली के खिलाफ विधायक इंदिरा मीणा ने भरी हुंकार। क्या सरकार की प्रशासनिक विफलता और छात्रों के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ पर होगी आर-पार की लड़ाई? जानें, कांग्रेस ने क्यों खोला मोर्चा।

सवाई माधोपुर में नीट पेपर लीक प्रकरण को लेकर विधायक इंदिरा मीणा ने भीमराव अंबेडकर सर्किल पर आयोजित कार्यक्रम में छात्रों के साथ संवाद किया।
सवाई माधोपुर में नीट-पेपर लीक प्रकरण और लचर परीक्षा प्रणाली के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। बामनवास विधायक और जिला कांग्रेस अध्यक्ष इंदिरा मीणा के नेतृत्व में आयोजित प्रेस वार्ता और छात्र संवाद के माध्यम से पार्टी ने केंद्र और राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला है। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक इंदिरा मीणा ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली को देश के लाखों मेधावी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक विफलता का एक बड़ा उदाहरण देते हुए बताया कि एक स्थानीय परीक्षार्थी का परीक्षा केंद्र सवाई माधोपुर से बदलकर सीधे 'अबू धाबी' आवंटित कर दिया गया, जो सरकारी सिस्टम की घोर लापरवाही और छात्रों के मानसिक उत्पीड़न को दर्शाता है।
सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक इंदिरा मीणा ने कहा कि सरकार की यह विफलता न केवल व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि एक सामान्य पृष्ठभूमि के छात्रों के लिए परीक्षा देना असंभव बना रही है। इस दौरान संगठन सह प्रभारी राहुल भांकर, पूर्व जिला अध्यक्ष गिर्राज गुर्जर, विधानसभा प्रभारी शंकर बाजडोलिया, संगठन महामंत्री राजेश पहाड़िया और युवा नेता घनश्याम झाड़ोली सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में पार्टी पेपर लीक माफिया के विरुद्ध और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने की मांग को लेकर पूरी तरह एकजुट है।
सायंकाल डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्किल पर आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों ने भाग लिया। 'शिक्षित युवा – सशक्त भारत' के संकल्प के साथ विधायक इंदिरा मीणा ने युवाओं को आश्वस्त किया कि कांग्रेस पार्टी उनके हक और भविष्य की सुरक्षा के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे इस खिलवाड़ को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंबेडकर सर्किल पर गूंजते 'छात्र एकता जिंदाबाद' के नारों के बीच कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि वे छात्रों के संघर्ष में हर कदम पर उनके साथ खड़े हैं। यह आयोजन नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के आक्रोश और उनकी मांगों को मुखर करने का एक प्रमुख मंच बन गया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
