सवाई माधोपुर, 18 नवम्बर। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मान टाउन में मंगलवार को छात्राओं के लिए एक विशेष स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एनडीआरएफ ई/06 बटालियन ने उन्हें आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक और जीवनरक्षक गुर सिखाए। यह कार्यक्रम कमांडेंट सुरेंद्र सिंह के आदेशानुसार, सहायक कमांडेंट प्रवीण कुमार के पर्यवेक्षण और टीम कमांडर/निरीक्षक अरुण शर्मा तथा कैलाश चंद बाना के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को प्राकृतिक और मानव-निर्मित आपदाओं के प्रकार, उनके कारण और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। टीम ने भूकंप, सुनामी, बाढ़, साइक्लोन और आग जैसी आपदाओं में अपनाई जाने वाली सावधानियों पर जोर दिया। इसके अलावा आग के विभिन्न प्रकार, प्राथमिक उपचार, सीपीआर, स्नेक बाइट और आपदा के समय त्वरित बचाव तकनीकों की जानकारी भी साझा की गई।

एनडीआरएफ टीम ने लाइव डेमो के माध्यम से बचाव उपकरणों और तकनीकों का प्रदर्शन किया, जिससे छात्राओं को वास्तविक परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने की क्षमता विकसित हुई। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्सुकता के साथ प्रश्न पूछे, जिनका समाधान एनडीआरएफ कर्मियों ने सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के साथ प्रस्तुत किया।

विद्यालय की प्राचार्य कल्पना एवं समस्त स्टाफ ने निरीक्षक अरुण शर्मा और कैलाश चंद बाना सहित एनडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाएंगे, बल्कि आपदा प्रबंधन की दिशा में उनकी वास्तविक क्षमता को भी मजबूत करेंगे।

फोटो कैप्शन: एनडीआरएफ टीम की सदस्य छात्राओं को आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक गुर सिखाते हुए।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story