सवाई माधोपुर, 23 सितम्बर। 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस 2026 के अवसर पर आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के तहत आचार्य नानेश शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, कुश्तला में स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” तथा संदेश “एक स्वास्थ्य, एक भविष्य” के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, समग्र स्वास्थ्य देखभाल, अनुसंधान एवं नवाचार तथा सामुदायिक कल्याण में आयुर्वेद की भूमिका को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वरिष्ठ चिकित्साधिकारी प्रभारी आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष, राजकीय आयुर्वेद औषधालय कुश्तला डॉ. विजय शंकर बैरवा ने शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य प्रबोधन किया।

कम्पाउडर दिनेश कुमार वर्मा के सहयोग से महाविद्यालय की 80 छात्राओं एवं स्टॉफ का बी.पी., हीमोग्लोबिन एवं ब्लड शुगर की जांच की गई। जांच के बाद आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया।

शिविर के दौरान छात्राओं को स्वास्थ्य प्रबोधन के माध्यम से आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के 18 स्वास्थ्य सूचकांकों सहित तंबाकू मुक्त ग्राम अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। इन सूचकांकों के माध्यम से व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, नशामुक्ति एवं रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।

रक्ताल्पता (एनीमिया) के संबंध में भी छात्राओं को विशेष जानकारी दी गई। स्वास्थ्य परीक्षण में रक्ताल्पता पाए जाने वाली छात्राओं को चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार धात्री लौह एवं पुनर्नवादी मंडूर औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया।

इसके साथ ही छात्राओं को दिनचर्या, ऋतुचर्या, स्वस्थ जीवन शैली, संतुलित आहार, योग एवं स्वास्थ्य संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। तंबाकू मुक्त ग्राम की अवधारणा, तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य दुष्प्रभावों तथा तंबाकू से दूर रहने के लिए भी जागरूक किया गया।

आयुर्वेद दिवस का उद्देश्य भारतीय आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के वैज्ञानिक एवं समग्र स्वास्थ्य दृष्टिकोण को जनसामान्य तक पहुंचाना तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल के माध्यम से स्वस्थ समाज का निर्माण करना है। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य देखभाल, स्वस्थ जीवनशैली एवं आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के 18 स्वास्थ्य सूचकांकों को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

शिविर में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. निधि जैन, निदेशक मुकेश जैन, छोटूलाल सैनी, जितेंद्र सैन, सुनील जैन, संजय सैनी सहित महाविद्यालय के शिक्षकों का पूर्ण सहयोग रहा।

Updated On
Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story