30 जुलाई को सवाई माधोपुर में होगी “माय भारत नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” जिला स्तरीय प्रतियोगिता
30 जुलाई को सवाई माधोपुर में “माय भारत नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी। विजेताओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मौका मिलेगा।

सवाई माधोपुर में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र द्वारा जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में युवाओं और समाज को नशे के घातक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा व्यसन-मुक्त भारत के निर्माण के उद्देश्य से 30 जुलाई, 2026 को “माय भारत नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 9ः30 बजे से रणथम्भौर रोड स्थित होटल हिल व्यू में होगा।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के तहत कुल 8 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें सामूहिक संगीत, सामूहिक नृत्य, रील/शॉर्ट फिल्म, नुक्कड़ नाटक, स्लैम पोएट्री (काव्य पाठ), वाद-विवाद, पेंटिंग तथा स्लोगन लेखन प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागी युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ समाज को नशा मुक्ति का सकारात्मक संदेश देंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले युवाओं की आयु 20 जुलाई, 2026 को 15 से 29 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। प्रतिभागियों को अपने साथ कक्षा दसवीं का सर्टिफिकेट तथा आधार कार्ड की कॉपी लाना भी आवश्यक होगा।
जिला स्तर पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके बाद राज्य स्तर के विजेता राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं को अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने के साथ सामाजिक सरोकार से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करेगी।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
