जिले के युवाओं को नशा मुक्ति अभियान से जुड़कर अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलने जा रहा है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत द्वारा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत जिले के युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत जिला स्तर पर समूह लोक गीत, समूह नृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, वाद-विवाद, लघु फिल्म/रील निर्माण, नारा लेखन एवं कविता लेखन सहित कुल आठ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को केवल एक प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति होगी।

प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक युवाओं को माय भारत पोर्टल पर ष्वॉलिंटियर फॉर भारतष् के अंतर्गत सवाई माधोपुर जिले के ष्नशा मुक्त टैब के सम्बन्धित इवेंटष् में पंजीकरण कर आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सवाई माधोपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय “नशा मुक्त युवा कॉन्क्लेव” में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम में माननीय केंद्रीय गृह मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है।

यह अवसर युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, अपने जिले एवं राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का मंच प्रदान करेगा। अभियान का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि युवाओं को नशा मुक्त भारत के संकल्प से जोड़ना, समाज में जन-जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा युवा नेतृत्व को प्रोत्साहित करना है।

माय भारत जिला कार्यालय, सवाई माधोपुर ने जिले के सभी महाविद्यालयों, विद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, युवा क्लबों तथा अन्य युवा संगठनों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। कार्यालय ने कहा है कि यह अवसर केवल पुरस्कार प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपने जिले एवं राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का अवसर है।

अधिक जानकारी के लिए माय भारत हेल्पलाइन 14472 अथवा माय भारत जिला कार्यालय, सवाई माधोपुर से संपर्क किया जा सकता है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story