सवाई माधोपुर, 18 सितम्बर। राष्ट्रीय नशा मुक्त भारत अभियान के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सितम्बर माह में आयोजित होने वाली गतिविधियों की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों को निर्धारित गतिविधियों की समयबद्ध तैयारी पूरी करने और अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के संचालन के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर संबंधित अधिकारियों को समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला स्तर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया तथा ब्लॉक स्तर पर संबंधित विकास अधिकारी नोडल अधिकारी होंगे। जिला कलक्टर ने आयोजित गतिविधियों की जियो-टैगिंग सहित निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्टिंग, फोटोग्राफ एवं आवश्यक विवरण समय पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, युवा एवं महिला समूहों सहित आमजन की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों, राजकीय कार्यालयों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायती राज संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों, युवा क्लबों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवी संस्थाओं को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।

अभियान के दौरान नशा मुक्ति की शपथ के साथ रैली, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियां, सामुदायिक बैठकें सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नशे की लत से मुक्त हो चुके व्यक्तियों के अनुभवों को भी कार्यक्रमों में शामिल कर सकारात्मक संदेश देने पर जोर दिया गया।

नशा मुक्ति एवं परामर्श के लिए राष्ट्रीय डी-एडिक्शन एवं टेली-काउंसलिंग हेल्पलाइन 14446 की जानकारी भी अभियान के दौरान आमजन तक पहुंचाई जाएगी। जिला कलक्टर ने अभियान को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखते हुए निरंतर जनभागीदारी के माध्यम से प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। जिले में जागरूकता, शपथ और नशा मुक्ति गतिविधियों के जरिए अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने की तैयारी की गई है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story