सवाई माधोपुर नगर परिषद में बुधवार को आयोजित फॉलोअप शिविर में आमजन के लंबे समय से लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर उन्हें राहत प्रदान की गई। शिविर में विभिन्न प्रशासनिक एवं नागरिक सेवाओं से जुड़े मामलों का मौके पर समाधान किया गया।

नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया ने बताया कि परिषद परिसर में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में लोग अपने पट्टे, नामांतरण, पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन सहित अन्य लंबित कार्यों के निस्तारण के लिए पहुंचे। शिविर में मौजूद सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन की समस्याओं का समाधान करते हुए पात्र लाभार्थियों को संबंधित प्रमाण पत्र भी वितरित किए। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान समस्या लेकर आने वाले किसी भी व्यक्ति को अपने कार्य में असुविधा न हो, इसके लिए कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

आयुक्त दलीप पूनिया ने बताया कि फॉलोअप शिविरों के तहत सभी वार्डों से संबंधित साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, नई स्ट्रीट लाइट लगाना, टूटे फेरो कवर एवं क्रॉस की मरम्मत, ब्लैक स्पॉट ठीक करवाना, पेचवर्क, पार्कों की सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई एवं मरम्मत, सीवरेज कनेक्शन एवं मरम्मत सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शिविरों में लंबित पत्रावलियों के निस्तारण के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के पट्टे, स्टेट ग्रांट, कच्ची बस्ती 69 ए, कृषि भूमि भू-उपयोग परिवर्तन, खांचा भूमि, नामांतरण, भवन निर्माण मंजूरी, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेंडर रजिस्ट्रेशन, उप विभाजन-एकीकरण, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, पीएम स्वनिधि योजना के आवेदन, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 तथा एसबीएम 2.0 के अंतर्गत घरेलू शौचालय निर्माण के आवेदनों को भी त्वरित गति से निस्तारित किया जा रहा है।

नगर परिषद द्वारा आयोजित फॉलोअप शिविर का उद्देश्य लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिसके तहत विभिन्न विभागीय कार्यों को एक ही स्थान पर प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story