नाबार्ड समर्थित एलईडीपी का अंतिम बैच शुरू, 10 दिन में महिलाएं सीखेंगी डेयरी उद्यमिता
सवाई माधोपुर में नाबार्ड समर्थित एलईडीपी के अंतिम बैच का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। क्षीर समृद्धि महिला डेयरी विकास कार्यक्रम में महिलाओं को पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, विपणन और उद्यमिता की व्यवहारिक जानकारी दी जाएगी।

सवाई माधोपुर में राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के वित्तीय सहयोग से संचालित एलईडीपी (आजीविका एवं उद्यम विकास कार्यक्रम) के अंतिम बैच का 10 दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार को शुरू हुआ। आरुही विकास संस्थान द्वारा आयोजित “क्षीर समृद्धि महिला डेयरी विकास कार्यक्रम” के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण का शुभारंभ जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड पुनीत हरित ने किया।
प्रशिक्षण शुभारंभ अवसर पर जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड पुनीत हरित ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ डेयरी उद्यमिता अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि डेयरी व्यवसाय ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। यदि महिलाएं वैज्ञानिक पशुपालन, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन और दूध के मूल्य संवर्धित उत्पादों का निर्माण सीखकर उन्हें बाजार से जोड़ें, तो वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकती हैं। उन्होंने प्रशिक्षण में नियमित उपस्थिति, व्यवहारिक अभ्यास और सीखी गई तकनीकों को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस विषय विशेषज्ञ लवकुश यादव ने प्रतिभागियों को कार्यक्रम की रूपरेखा, डेयरी उद्यमिता के महत्व, वैज्ञानिक पशुपालन, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन और समूह आधारित आजीविका विकास के बारे में जानकारी दी।
आगामी 10 दिनों में महिला प्रतिभागियों को पशुपालन, पशु स्वास्थ्य, संतुलित आहार, दुग्ध उत्पाद निर्माण, पैकेजिंग, विपणन, बैंक लिंकेज एवं सरकारी योजनाओं से जुड़ी व्यवहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में आरुही विकास संस्थान के पदाधिकारी, प्रशिक्षण दल और स्वयं सहायता समूहों की बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागी उपस्थित रहीं। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को डेयरी क्षेत्र में उद्यमिता कौशल विकसित करने और आजीविका के नए अवसरों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
