नशामुक्ति के संकल्प से गूंजा सवाई माधोपुर, युवाओं ने बनाया संकल्प चक्र
सवाई माधोपुर में माय भारत के नशामुक्त युवा अभियान में युवाओं ने शपथ लेकर नशे से दूर रहने और समाज को व्यसनमुक्त बनाने का संकल्प लिया।

तस्वीर में 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान के तहत छात्रावास के बाहर खड़े हुए युवा और प्रतिभागी नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर में माय भारत के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के तहत युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज को व्यसनमुक्त बनाने का संकल्प लिया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र, सवाई माधोपुर की ओर से जिला कलक्टर काना राम के निर्देशन में श्याम वाटिका स्थित समाज कल्याण विभाग के राजकीय अनुसूचित जनजाति महाविद्यालय स्तरीय बालिका छात्रावास में 20 सितम्बर को कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं व्यसनमुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ युवा समाजसेवी एवं अतिथि शुभम भारद्वाज तथा पतंजलि योगपीठ के मोहनलाल कौशिक ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर माय भारत के जिला युवा अधिकारी ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका तथा माय भारत पोर्टल के माध्यम से संचालित विभिन्न सकारात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से ‘विकसित भारतीय यंग लीडर डायलॉग क्विज’ में अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने जीवनभर नशे से दूर रहने तथा समाज को व्यसनमुक्त बनाने का संकल्प लिया। इसके बाद प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त संकल्प चक्र’ का निर्माण कर सामूहिक रूप से नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
इस दौरान नशामुक्ति से संबंधित प्रधानमंत्री का वीडियो संदेश प्रदर्शित किया गया। नशामुक्ति सिग्नेचर वॉल पर प्रतिभागियों ने हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को माय भारत टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में छात्रावास प्रभारी अनीता मीणा, युवा मंडल अध्यक्ष रजत भारद्वाज, मनोज कुमार महावर, वंदना संगत, प्रियंका, खुशबू, मुस्कान, दिलवर, चुकी, सपना, पार्वती, सतवती सहित माय भारत के वॉलिंटियर्स एवं स्थानीय युवाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी के साथ नशे से दूर रहने और समाज को व्यसनमुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प सामने आया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
