सवाई माधोपुर: हत्या-लूट मामले में 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
वजीरपुर थाना पुलिस ने 6 माह से फरार मुख्य आरोपी राजेश मीणा को गिरफ्तार किया, लूट के बाद की थी युवक की हत्या।

तस्वीर में पुलिस कांस्टेबल रणधीर, आरोपी राजेश कुमार और कांस्टेबल संजीव दिख रहे हैं।
वजीरपुर थाना पुलिस ने हत्या और लूट के प्रकरण में करीब 6 माह से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी राजेश कुमार उर्फ राजू मीणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 20-09-2026 को गिरफ्तार किया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर जेष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सेक्टर गंगापुर सिटी नारायण लाल तिवाड़ी और वृत्ताधिकारी वृत्त गंगापुर सिटी गिर्राज मीणा के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी वजीरपुर राजवीर सिंह उपनिरीक्षक और टीम ने की।
गिरफ्तार आरोपी राजेश कुमार उर्फ राजू मीणा पुत्र भंवरसिंह मीणा, उम्र 27 साल, जाति मीणा, निवासी गांव फूलवाड़ा पैपटल, थाना वजीरपुर, जिला सवाई माधोपुर है। उसके खिलाफ मु.नं. 51/2026 में कार्रवाई की गई।
घटना के संबंध में पुलिस के अनुसार 4-03-2026 को टेलीफोन के जरिए सूचना मिली कि ग्राम फूलवाड़ा के हार में खेतों पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो एक अज्ञात व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसे जाप्ते की मदद से सरकारी अस्पताल गंगापुर सिटी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वादी को जाप्ते की मदद से शव को मोर्चरी में रखवाया गया। मृतक की पहचान राहुल पुत्र जगदीश जाट, निवासी पाली, थाना सूरौठ, जिला करौली के रूप में होने पर पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम दाह संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द किया गया।
इस संबंध में 07-03-2026 को जगदीश पुत्र गारमल, उम्र 58 साल, जाति जाट, गांव पाली, थाना सूरौठ, जिला करौली (राज.) ने उपस्थित थाना होकर प्रार्थना पत्र पेश किया। प्रार्थी ने बताया कि वह पाली थाना सूरौठ जिला करौली का स्थायी निवासी है। प्रार्थी का पुत्र राहुल सिंह 03-03-2026 को सुबह करीब 11 बजे घर से बोलकर निकला था कि पप्पू उर्फ योगेश का फोन आ रहा है और वह उसके पास जा रहा है। दिन में फोन करने पर राहुल बात कर रहा था और उसके आने की बात कह रहा था, लेकिन थोड़ी देर बाद शाम को उसका फोन बंद हो गया। पप्पू का भी फोन बंद आ रहा था।
प्रार्थी के अनुसार वह 04-03-2026 को पप्पू के घर गया तो वह सोता हुआ मिला। राहुल के बारे में पूछने पर पप्पू ने पहले कहा कि उसे पता नहीं है। फिर सख्ती से पूछने पर वह उसे वारदात वाली जगह लेकर गया। उस समय राहुल को मोर्चरी में रखने की बात उसे फेसबुक से प्राप्त हुई। प्रार्थी के अनुसार पप्पू ने उसे कोई जानकारी समय पर नहीं दी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि राहुल घर से मोटरसाइकिल आरजे 34 एसयू 4274, मोबाइल और कुछ नकदी लेकर आया था तथा सोने की चेन समेत सामान अपराधियों ने लूट लिया। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि उसके पुत्र की हत्या हो गई और सभी अपराधियों ने मिलकर उसके पुत्र की हत्या की है।
इन तथ्यों के आधार पर मु.नं. 51/2026 में धारा 109(4), 103(1) बीएनएस सन 2023 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर थानाधिकारी वजीरपुर राजवीर सिंह मीणा उपनिरीक्षक ने अनुसंधान प्रारंभ किया।
प्रकरण में वांछित आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर द्वारा टीम गठित की गई। गठित टीम ने प्रकरण संख्या 51/2026 में धारा 310(2), 119(2), 103(1) बीएनएस में वांछित मूल आरोपी राजेश कुमार उर्फ राजू मीणा पुत्र भंवरसिंह मीणा, उम्र 27 साल, जाति मीणा, निवासी गांव फूलवाड़ा पैपटल, थाना वजीरपुर, जिला सवाई माधोपुर की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर द्वारा 5000 रुपये का इनाम जारी किया गया था।
पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी के चतुर-चालाक किस्म का होने के कारण वह लगातार ठिकाने बदलता रहा और पुलिस से छिपता रहा। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर काफी मेहनत और लगन से काम करते हुए उसे फूलवाड़ा रोड से डिटेन किया। अनुसंधान के बाद 20-09-2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में पूर्व में तीन मुल्जिमों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष मुल्जिम नरकू मीणा की तलाश सरगर्मी से जारी है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम-पता राजेश कुमार उर्फ राजू मीणा पुत्र भंवरसिंह मीणा, उम्र 27 साल, जाति मीणा, निवासी गांव फूलवाड़ा पैपटल, थाना वजीरपुर, जिला सवाई माधोपुर है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी वजीरपुर उपनिरीक्षक राजवीर सिंह, हेड कांस्टेबल पवन 1287, कांस्टेबल संजीव 577 (विशेष भूमिका) और कांस्टेबल रणधीर 973 (विशेष भूमिका) शामिल रहे।
पुलिस की कार्रवाई के बाद हत्या और लूट के इस प्रकरण में 6 माह से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी राजेश कुमार उर्फ राजू मीणा की गिरफ्तारी हुई है, जबकि प्रकरण में शेष आरोपी नरकू मीणा की तलाश जारी है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
