जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रयी (IPS) के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजयसिंह एवं पुलिस उपाधीक्षक (शहर) श्री उदय सिंह के प्रभावी सुपरविजन में सवाई माधोपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता अर्जित की है। मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता (पु.नि.) एवं डीएसटी टीम प्रभारी श्यामसुन्दर (उ.नि.) के नेतृत्व में गठित टीम ने प्रकरण संख्या 102/2026 की धारा 189(2), 103(1) बीएनएस तथा 3-2(वी) एससी/एसटी एक्ट में वांछित पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी करण पुत्र सुरेश हरिजन को सीतापुरा, सांगानेर (जयपुर) से दस्तयाब कर गहन अनुसंधान के पश्चात गिरफ्तार कर लिया है।

घटनाक्रम के अनुसार, 16 मार्च 2026 को एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर नृत्य को लेकर उपजे मामूली विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया था। इस दौरान आरोपी करण ने अपने साथियों के साथ मिलकर विशाल पुत्र रमेशचंद हरिजन (निवासी सकतपुरा, कोटा) पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया था, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। वारदात के बाद से ही 24 वर्षीय आरोपी करण अपनी पहचान छुपाकर सांगानेर क्षेत्र में मजदूरी कर रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों एवं सूचनाओं के सूक्ष्म विश्लेषण के आधार पर घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

उल्लेखनीय है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस पूर्व में ही आरोपी अर्जुन उर्फ बोना, कृष्णा हरिजन, मारुफ उर्फ पिन्टू और राजेश उर्फ जॉन को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। गिरफ्तार आरोपी करण का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसके विरुद्ध पूर्व में लूट, डकैती और मारपीट के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। इस पूरी कार्यवाही में डीएसटी टीम के कांस्टेबल अणदाराम (1425) की विशेष भूमिका रही। टीम में कांस्टेबल कृष्णकुमार, रामजीलाल, लोकेश और अनिल भी शामिल रहे। फिलहाल पुलिस उपाधीक्षक उदय सिंह द्वारा मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story