नगरीय निकाय चुनाव 2026: पोस्टर प्रतियोगिता से विद्यार्थियों ने दिया मतदान जागरूकता का संदेश
सवाई माधोपुर में नगरीय निकाय चुनाव 2026 को लेकर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित हुई, अब 3 सितंबर को हस्ताक्षर अभियान से मतदान जागरूकता बढ़ेगी।

तस्वीर में विद्यार्थी और शिक्षक विद्यालय में मतदाता जागरूकता पोस्टर प्रतियोगिता के तहत नजर आ रहे हैं।
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में अधिकाधिक मतदान प्रतिशत बढ़ाने तथा निर्भय, निष्पक्ष और नैतिक मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन सवाई माधोपुर की ओर से मतदाता जागरूकता के लिए सतरंगी सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम तथा जिला नोडल स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया के निर्देशन में आयोजित इस सतरंगी सप्ताह के दौरान विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियां कराई जा रही हैं।
जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि इसी क्रम में बुधवार को नगरीय क्षेत्र के महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में मतदाता जागरूकता और प्रोत्साहन के लिए पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने मतदान के महत्व का संदेश दिया।
नगर परिषद एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में आगामी 9 सितंबर को होने वाले आम चुनाव में अधिकाधिक संख्या में मतदान के लिए नागरिकों को प्रेरित किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय स्थित गीता देवी अग्रवाल राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, आदर्श नगर, राजकीय महात्मा गांधी साहूनगर, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन सहित अन्य विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित हुई।
प्रतियोगिता के दौरान स्वीप कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार शर्मा, महात्मा गांधी साहूनगर के प्रधानाचार्य राजेश कुमार मंगल, बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन की प्रधानाचार्य कल्पना शर्मा, गीता देवी अग्रवाल विद्यालय के प्रभारी धनराज मीना, शिक्षक इकामुद्दीन खान, पार्वती माली, शशिभूषण शर्मा तथा स्वीप टीम से मनीष कुमार शर्मा, हुकमचंद नामा, विजेंद्र पाल सिंह आमेरा, सुनील गर्ग और चंद्र प्रकाश शर्मा मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने मतदाता पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लिया। मतदाता जागरूकता के श्रेष्ठ पोस्टर बनाने वाले प्रतिभागियों को जिला प्रशासन की ओर से पारितोषिक के रूप में ट्रॉफियां प्रदान की गईं।
स्वीप कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि 3 सितंबर को सतरंगी सप्ताह के तहत सार्वजनिक स्थानों पर मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं, नए मतदाताओं और आम नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक करने के साथ स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक एवं सूचितापूर्ण मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रशासन ने जिलेवासियों से आगामी नगरीय निकाय चुनाव में उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लेने की अपील की है।
3 सितंबर को सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित होने वाले मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान के दौरान जागरूक मतदाता सेल्फी प्वाइंट के होल्डिंग स्टैंड भी लगाए जाएंगे। यहां मतदाता अपनी सेल्फी लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे को मतदान के लिए प्रेरित कर सकेंगे। सतरंगी सप्ताह के तहत आयोजित ये गतिविधियां नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में मतदाताओं को जागरूक करने और अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से की जा रही हैं।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
