सवाई माधोपुर: 'म्यूल हंटर' अभियान में 130 साइबर अपराधी गिरफ्तार, 117 केस दर्ज
राजस्थान पुलिस के दो महीने के विशेष अभियान में साइबर ठगी, म्यूल अकाउंट्स और चेक विड्रॉल से जुड़े नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की गई है।

सवाई माधोपुर पुलिस ने साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे 'म्यूल हंटर' अभियान के तहत अभूतपूर्व सफलता हासिल करते हुए महज दो माह में 117 प्रकरण दर्ज कर 130 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के कुशल निर्देशन में सवाई माधोपुर पुलिस ने म्यूल अकाउंट्स, ऑनलाइन ठगी और चेक विड्रॉल के मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए साइबर अपराध के नेटवर्क की कमर तोड़ दी है।
जिले में तेजी से पैर पसारते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने सभी पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए थे। इन निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए जिले की साइबर सेल लगातार सक्रिय है, जो म्यूल अकाउंट्स एवं साइबर अपराध पोर्टल की बारीकी से मॉनिटरिंग कर रही है। साइबर सेल द्वारा प्रतिदिन साइबर अपराधियों की गतिविधियों की रिपोर्ट सीधे पुलिस अधीक्षक को सौंपी जाती है, जिसके आधार पर संबंधित थानाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं। इसी प्रभावी कार्यप्रणाली के परिणामस्वरूप जिला पुलिस ने साइबर अपराधियों पर मजबूत शिकंजा कसा है।
पुलिस मुख्यालय राजस्थान के निर्देशानुसार 01 अप्रैल 2026 से 31 मई 2026 तक संचालित 'म्यूल हंटर' अभियान के अंतर्गत उन अपराधियों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई है, जो लालच में आकर अपने बैंक खाते किराए पर देते हैं, कमीशन लेकर साइबर अपराध की राशि को बैंक से विड्रॉल करते हैं अथवा स्वयं ऑनलाइन ठगी के गिरोहों में संलिप्त हैं। इस अभियान के दौरान जिला पुलिस ने म्यूल अकाउंट्स के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 70 प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं, जिनमें अब तक 80 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ये आरोपी साइबर ठगी से प्राप्त राशि को विभिन्न बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर और निकासी करने का कुकृत्य कर रहे थे।
इसी प्रकार, प्रतिबिंब पोर्टल से प्राप्त सूचनाओं और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोहों के विरुद्ध 40 प्रकरण दर्ज कर 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अतिरिक्त, चेक विड्रॉल के जरिए ठगी की राशि निकालने के मामलों में 05 प्रकरण दर्ज कर 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन तमाम मामलों में अनुसंधान की प्रक्रिया निरंतर जारी है, जिसमें कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं और गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस अभियान में अब तक कुल 117 मामले दर्ज कर 130 अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और आगामी दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभावित हैं।
पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने आमजन से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजना, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया ब्लैकमेलिंग अथवा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर पीड़ितों को राहत दी जा सके। सवाई माधोपुर पुलिस साइबर अपराधियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रखेगी और आमजन की सुरक्षा तथा साइबर अपराध मुक्त समाज के निर्माण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
