सवाई माधोपुर, 23 अप्रैल। राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित “मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान” के तहत 25 अप्रैल 2026 को जिले की समस्त ग्राम पंचायतों एवं शहरी वार्डों में प्रातः 10 बजे से विशेष ग्राम सभा एवं वार्ड सभा का आयोजन किया जाएगा। ये सभाएं ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित भारत निर्माण सेवा केन्द्रों पर आयोजित होंगी, जिनका उद्देश्य स्थानीय आवश्यकताओं, विकास प्राथमिकताओं और जन आकांक्षाओं के आधार पर ग्राम एवं वार्ड का समग्र विकास ढांचा तैयार करना है।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद गौरव बुड़ानिया ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं शहरी वार्ड के लिए डायनामिक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसे निर्धारित समयसीमा में अंतिम रूप देकर पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो आवंटित ग्राम पंचायतों में उपस्थित रहकर विशेष ग्राम सभाओं का पर्यवेक्षण करेंगे।

विशेष ग्राम सभाओं में “मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान” के अंतर्गत निर्धारित सूचकांकों पर चर्चा और अनुमोदन किया जाएगा। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों की आकांक्षाओं और प्राथमिकताओं का निर्धारण करते हुए “वृक्षारोपण अभियान”, “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान”, “अटल ज्ञान केन्द्र” की स्थापना एवं संचालन तथा किसान रजिस्ट्री पंजीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श होगा।

आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सुझाव पेटिका, क्यूआर कोड आधारित फीडबैक और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। जीआईएस आधारित मैपिंग और डेटा संकलन के माध्यम से स्थानीय आवश्यकताओं का वैज्ञानिक विश्लेषण करते हुए वर्ष 2030, 2035 और 2047 तक की विकास योजनाओं का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ग्राम सभाओं की पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करते हुए अधिकतम जनसहभागिता के साथ इन बैठकों को सफल बनाया जाए और प्राप्त सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर मास्टर प्लान में शामिल किया जाए।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया ने जिले के नागरिकों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे 25 अप्रैल को आयोजित विशेष ग्राम सभाओं और वार्ड सभाओं में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर अपनी प्राथमिकताएं और सुझाव प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जो हितधारक किसी कारण से उपस्थित नहीं हो सकते, वे सुझाव पेटिकाओं और जिला प्रशासन के “अपना गांव एप” https://play.google.com/store/apps/details?id=com.technew.apnaganv

के माध्यम से अपने सुझाव दे सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनभागीदारी के आधार पर तैयार होने वाला यह मास्टर प्लान जिले के समग्र, संतुलित और दूरदर्शी विकास की दिशा तय करेगा।

फोटो कैप्शन: 23 पीआरओ 1 मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया आमजन से अपील करते।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story