मानसून सत्र 2026 के दौरान संभावित बाढ़ और अतिवृष्टि जैसी आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जिला कलक्टर काना राम के निर्देशन में कलक्ट्रेट परिसर स्थित सहायक कलक्टर मुख्यालय कार्यालय में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो आगामी आपात परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय का प्रमुख केंद्र बनेगा।

आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के निर्देशानुसार स्थापित इस नियंत्रण कक्ष के लिए 07462-220201 और 07462-220602 दूरभाष नंबर जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त नागरिक किसी भी आपदा संबंधी सूचना या सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1077 पर भी संपर्क कर सकेंगे।

जिला कलक्टर काना राम ने नियंत्रण कक्ष के सुचारू एवं प्रभावी संचालन के लिए उप निदेशक कृषि एवं पीडी आत्मा अमर सिंह को प्रभारी नियुक्त किया है, जबकि नायब तहसीलदार सवाई माधोपुर पुष्पेन्द्र भारद्वाज को सहायक प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रशासनिक आदेशों के अनुसार यह नियंत्रण कक्ष 24 घंटे तीन पारियों में संचालित किया जाएगा। प्रथम पारी प्रातः 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, द्वितीय पारी दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक तथा तृतीय पारी रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक कार्यरत रहेगी। प्रत्येक पारी में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

प्रथम पारी में कनिष्ठ सहायक मोहम्मद अजरूदीन खान और अजय सैनी, द्वितीय पारी में कनिष्ठ सहायक रामचन्द्र मीना और सौरभ मीना तथा तृतीय पारी में प्रशासनिक अधिकारी मुकेश शर्मा और कनिष्ठ सहायक रोडूलाल मीना को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं रिजर्व पारी के लिए अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी गोकलेन्द्र शर्मा एवं कनिष्ठ सहायक निखिल गौतम को नियुक्त किया गया है।

जिला प्रशासन का यह कदम मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं के प्रति त्वरित प्रतिक्रिया, प्रभावी समन्वय और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को गति मिल सकेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story