सवाई माधोपुर में मिशन हरियालो राजस्थान को जन आंदोलन बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान मानसून के दौरान व्यापक स्तर पर पौधारोपण करने और इसके सफल क्रियान्वयन के लिए विभागों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश को हरित बनाने, कृषि वानिकी को बढ़ावा देने और ग्लोबल वार्मिंग के प्रभावों को कम करने के लिए यह अभियान संचालित है, जिसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा बैठक में जानकारी दी गई कि इस मानसून में जिले में कुल 22.57 लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन लक्ष्यों के तहत पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग को 9 लाख, शिक्षा विभाग को 4 लाख 52 हजार 200, प्रदूषण नियंत्रण मण्डल को 2 लाख 50 हजार, वन विभाग को 1 लाख 55 हजार, स्वायत्त शासन विभाग को 1 लाख 8 हजार, यूआईटी को 1 लाख, एनएचएआई को 56 हजार 764, उद्यानिकी विभाग को 50 हजार और अन्य विभागों को भी निर्धारित संख्या में पौधे लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पौधारोपण कार्य में पारदर्शिता के लिए हरियालो राजस्थान मोबाइल एप के माध्यम से जियोटैगिंग को अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा, पिछले वर्ष लगाए गए पौधों की री-जियोटैगिंग करके उनकी जीवितता को अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उप वन संरक्षक सामाजिक वानिकी सुनील कुमार ने बताया कि जिले की विभिन्न नर्सरियों में पौधे पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। सवाई माधोपुर, बौंली और गंगापुर सिटी की नर्सरियों में नीम, पीपल, बरगद, शीशम, रोहिड़ा, अमरूद, अर्जुन, इमली, गुलमोहर, सिरस और करंज जैसी प्रजातियों के फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे तैयार हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 5 लाख 63 हजार 343 गड्ढों की खुदाई पूरी कर ली गई है, जिनमें से 56 हजार 217 पौधे लगाए जा चुके हैं और 23 हजार 871 पौधों की जियोटैगिंग भी हो चुकी है। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, एसीईओ शैलेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ. राजीव गर्ग सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन का प्रयास है कि विभागों के समन्वय से इस पौधारोपण अभियान को धरातल पर पूरी गंभीरता के साथ लागू किया जाए ताकि पर्यावरण संरक्षण के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर प्राप्त किया जा सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story