सवाई माधोपुर: पांच माह से लापता नाबालिग जयपुर से दस्तयाब, पुलिस ने तीन राज्यों में चलाया अभियान
साइबर सेल की तकनीकी मदद और भरतपुर, आगरा व इंदौर तक दबिश के बाद जयपुर के मदरामपुरा में मिली नाबालिग; पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू की।

सवाई माधोपुर। पांच महीने से लापता नाबालिग को सवाई माधोपुर महिला थाना पुलिस ने लगातार तलाश और समन्वित प्रयासों के बाद जयपुर के मदरामपुरा से दस्तयाब कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने राजस्थान सहित उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों में तलाश अभियान चलाया था।
पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर एवं भरतपुर रेंज के महानिरीक्षक की ओर से अपराध नियंत्रण तथा महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों की पालना में यह कार्रवाई की गई। उनके निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर सतीश वर्मा आरपीएस तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) जिला सवाई माधोपुर नेहा अग्रवाल के सुपरविजन में महिला थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
नाबालिग के अपहरण की सूचना मिलने पर महिला थाना प्रभारी रुक्मणी पुलिस निरीक्षक ने प्रकरण दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नाबालिग की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस टीम ने स्थानीय स्तर पर लगातार तलाश करने के साथ संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसके अलावा जिला साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मानवीय सूचनाओं का समन्वय करते हुए तलाश अभियान आगे बढ़ाया।
नाबालिग की तलाश में पुलिस टीम ने भरतपुर, मथुरा, आगरा (उत्तर प्रदेश), इंदौर और उज्जैन (मध्य प्रदेश) सहित देश के विभिन्न शहरों में प्रयास किए। लगातार मेहनत, तत्परता और समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने पांच महीने से लापता नाबालिग को जयपुर के मदरामपुरा से दस्तयाब कर लिया। नाबालिग के संबंध में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में महिला थाना सवाई माधोपुर की पुलिस निरीक्षक रुक्मणी, सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल, हेड कांस्टेबल राजेश (46), कांस्टेबल राम अवतार (1030), जिला साइबर सेल सवाई माधोपुर के सहायक उपनिरीक्षक महेंद्र और कांस्टेबल अर्जुन शामिल रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
