सवाई माधोपुर जिले के बामनवास थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म और छेड़छाड़ की शर्मनाक घटना सामने आई है। इस घोर अपराध के आरोपी खेमचन्द कोली को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के आदेशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बौली श्री नीलकमल मीना और बामनवास वृत्त के पुलिस उपाधीक्षक श्री सीताराम मीना के निकट पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 30 मई 2026 को जाहिरा निवासी श्री कुमेर सिंह मीना ने अपनी 10 वर्षीय पुत्री के साथ हुई घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि वह जयपुर में कार्यरत है, उसी दौरान पड़ोसी खेमचन्द कोली ने उनकी बेटी को उस समय बहला-फुसलाकर घर की दूसरी मंजिल पर ले गया जब वह शौच के लिए गई थी। वहां आरोपी ने बच्ची के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म किया। घटना को बच्ची की मां ने देख लिया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और जाते-जाते पीड़िता की मां के साथ गाली-गलौज भी की। फरियादी ने अपनी पत्नी से सूचना मिलने के बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल छेड़छाड़, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। अनुसंधान का कार्य सवाई माधोपुर स्थित महिला अपराध अनुसंधान सेल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सतीश कुमार वर्मा आरपीएस को सौंपा गया। थानाधिकारी बामनवास कैलाश चन्द शर्मा ने अपनी टीम के साथ आरोपी के घर पर दबिश दी और उसे हिरासत में लेकर अनुसंधान अधिकारी के समक्ष पेश किया। अनुसंधान के दौरान जुर्म प्रमाणित पाए जाने पर 41 वर्षीय आरोपी खेमचन्द पुत्र श्री हट्टीराम, निवासी जाहिरा को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सतीश कुमार वर्मा, थानाधिकारी बामनवास श्री कैलाश चन्द, हेड कांस्टेबल विजेन्द्र (क्रमांक 306), कांस्टेबल अशोक कुमार (क्रमांक 1419) और महिला कांस्टेबल गीता (क्रमांक 513) की टीम शामिल रही। विशेष रूप से थानाधिकारी कैलाश चन्द और उनकी टीम द्वारा आरोपी के घर पर त्वरित दबिश देकर की गई गिरफ्तारी ने मामले में अहम भूमिका निभाई है, जिससे क्षेत्र में कानून के प्रति भरोसा बढ़ा है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story