सवाई माधोपुर जिले के रवांजना डूंगर थाना पुलिस ने एक नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी द्वारा मामले में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय सिंह एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत्त ग्रामीण सवाई माधोपुर श्री रामधन चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने मुकद्दमा संख्या 119/2026 धारा 137 (2), 87, 64 (1) बीएनएस एवं 5/6, 16/17 पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को केंद्र शासित प्रदेश दमन-दीव से दस्तयाब किया। पुलिस ने वहां से मुख्य आरोपी विकास उर्फ राहुल कीर को डिटेन किया और अनुसंधान के बाद उसे दमन-दीव से थाना रवांजना डूंगर लाया गया। इस प्रकरण में पुलिस ने तीन आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया है, जिनमें विकास उर्फ राहुल कीर पुत्र रामकिशोर कीर (20 वर्ष) निवासी गणेश बाग कागजी मोहल्ला शहर थाना कोतवाली जिला सवाई माधोपुर, सुल्तान पुत्र सूरजमल कीर (19 वर्ष) निवासी पापडा थाना इन्द्रगढ़ जिला बूंदी और भरत कहार पुत्र कमलेश कहार (20 वर्ष) निवासी जैतपुर थाना खण्डार जिला सवाई माधोपुर शामिल हैं।

घटना का संक्षिप्त विवरण यह है कि 18 जून 2026 की मध्यरात्रि करीब 12 बजे परिवादी ने रिपोर्ट दी कि राहुल पुत्र रामकिशोर और सुल्तान पुत्र सूरजमल कीर उसकी पुत्री को मोटरसाइकिल पर बहला-फुसलाकर ले गए हैं। इस रिपोर्ट पर थाना रवांजना डूंगर में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। प्रकरण की जांच थानाधिकारी दिलीप कुमार द्वारा की गई। इस पूरी कार्रवाई में हैड कांस्टेबल श्री हनुमान (43) की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में थानाधिकारी दिलीप कुमार, हैड कांस्टेबल हनुमान (43), कांस्टेबल बसराम (1167), कांस्टेबल मोरपाल (1096) और कांस्टेबल राजकुमार (साइबर सैल सवाई माधोपुर) शामिल थे। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की बरामदगी के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति सख्त संदेश गया है।

Next Story