सवाई माधोपुर, 28 सितम्बर। जिले के विद्यालयों में मिड-डे मील एवं पोषाहार की गुणवत्ता, नियमितता और विद्यार्थियों को समय पर लाभ सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय निष्पादन, पोषाहार संचालन समिति एवं मिड-डे मील की मासिक समीक्षा बैठक जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मिड-डे मील एवं पोषाहार योजनाओं की प्रगति, खाद्यान्न उपलब्धता एवं वितरण, भुगतान तथा निरीक्षण व्यवस्था की समीक्षा की गई।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी देवी लाल मीणा ने बताया कि द्वितीय त्रैमासिक खाद्यान्न का उठाव एवं विद्यालयों में वितरण कराया जा चुका है तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। जिले के 1,167 विद्यालयों में मिड-डे मील संचालन की जानकारी बैठक में दी गई। पन्नाधाय बाल गोपाल योजना एवं पीएम पोषण योजना के तहत कुक-कम-हेल्पर, कुकिंग कन्वर्जन, चीनी एवं गैस सिलेंडर आदि के भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने बताया कि पन्नाधाय बाल गोपाल योजना तथा मिड-डे मील योजना के तहत कुक-कम-हेल्पर एवं कुकिंग कन्वर्जन की देय राशि का नियमित भुगतान किया जा रहा है तथा विद्यालयों में दूध की आपूर्ति भी हो चुकी है।

जिला कलक्टर काना राम ने जिले में संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए शिक्षा एवं चिकित्सा विभाग को समन्वय से 14 वर्ष की किशोरियों के टीकाकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने किशोरियों एवं अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक करने में शिक्षा विभाग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सितम्बर माह के अंत तक पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कलक्टर ने विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर मिड-डे मील एवं दुग्ध योजना के संचालन, भोजन की गुणवत्ता, खाद्यान्न की उपलब्धता तथा विद्यार्थियों को समय पर लाभ सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालयों में पोषाहार की स्वच्छता एवं गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

बैठक में आधार एवं जनआधार प्रमाणीकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले के 1,043 विद्यालयों के 1,27,619 विद्यार्थियों में से 98,567 विद्यार्थियों का आधार तथा 99,155 विद्यार्थियों का जनआधार प्रमाणीकरण किया जा चुका है। जिला कलक्टर ने शेष विद्यार्थियों के प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दिनेश गुप्ता, एडीपीसी हरकेश मीणा, सहायक निदेशक शिव चरण मीणा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में दिए गए निर्देशों के केंद्र में विद्यालयों में पोषाहार की गुणवत्ता, खाद्यान्न की उपलब्धता, योजनाओं के नियमित संचालन और पात्र विद्यार्थियों को समय पर लाभ पहुंचाना रहा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story