विश्व मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सवाई माधोपुर के आनंद पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए तनाव मुक्ति, नशामुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तनाव के कारणों, उसके दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों के साथ संतुलित दिनचर्या अपनाने के लिए जागरूक किया गया।

जिला चिकित्सालय, सवाई माधोपुर के मनोचिकित्सक डॉ. गौरव चंद्रवंशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही आवश्यक है। उन्होंने तनावमुक्त जीवन के लिए योग, ध्यान, नियमित खेलकूद, पर्याप्त नींद, पौष्टिक आहार, संतुलित दिनचर्या तथा परिवार एवं मित्रों से संवाद को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं मन में दबाने के बजाय माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति से साझा करने की सलाह दी।

डॉ. चंद्रवंशी ने मोबाइल एवं सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनावश्यक स्क्रीन टाइम कम करने तथा खेलकूद, अध्ययन, पठन-पाठन एवं रचनात्मक गतिविधियों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। साथ ही नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए हर प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अंधविश्वास एवं कुरीतियों से बचने तथा प्रत्येक विषय को तर्क, तथ्य एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने के लिए भी प्रेरित किया गया। विद्यालय प्रधानाचार्य बुद्धि प्रकाश जैन ने कार्यक्रम के लिए डॉ. गौरव चंद्रवंशी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तनाव, नशे एवं सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना वर्तमान समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में ममता महेश्वरी, रीना जोशी, राजेश मेहरा, लोकेश प्रजापत, गिर्राज गौतम, पार्थ नगर, अभिषेक मंगल, दीपक राठौड़, हरि सिंह बेरवा सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story