सवाई माधोपुर जिले के मानटाउन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक वारदात का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया है, साथ ही ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले दो वाहन चालकों को भी धरदबोचा है। जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह व पुलिस उपाधीक्षक शहर उदय सिंह के सुपरविजन और थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस ने यह दोहरी सफलता हासिल की है।

मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि परिवादी देवेंद्र जांगिड़ निवासी हम्मीर नगर कॉलोनी खैरदा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी फर्म 'श्री शुभम कंप्यूटर्स' बजरिया पर कार्यरत शुभम जांगिड़ पुत्र गिर्राज प्रसाद निवासी कुंडेरा ने 22 मई 2026 को दोपहर करीब 11:30 से 12:30 बजे के बीच दुकान के बाहर रखा ग्राहक का एचपी 1005 प्रिंटर चोरी कर लिया था। पुलिस ने प्रकरण संख्या 184/2026 धारा 303 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर आरोपी शुभम जांगिड़ को गिरफ्तार कर चोरी किया गया प्रिंटर बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज है। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक मदनलाल की विशेष भूमिका रही।

इसी क्रम में, पुलिस ने क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए। सहायक उपनिरीक्षक मदनलाल की टीम ने आस्था सर्किल बजरिया क्षेत्र में तेज आवाज में स्पीकर बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाते पाए गए महिंद्रा 475 डीआई ट्रैक्टर (बिना नंबर) के चालक फोरकेश मीना पुत्र पृथ्वीराज मीना निवासी खांडोज को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर, एक डेक मशीन, दो स्पीकर व एक पेन ड्राइव जब्त किए। आरोपी के विरुद्ध राजस्थान ध्वनि नियंत्रण अधिनियम 1963 की धारा 4/6 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं, सहायक उपनिरीक्षक अरविंद की टीम ने ज्योति नर्सिंग होम क्षेत्र में तेज आवाज में स्पीकर बजाने के आरोप में महिंद्रा 475 डीआई ट्रैक्टर के चालक महेंद्र बैरवा पुत्र बृजमोहन निवासी खिदरपुर को गिरफ्तार कर उपकरण जब्त किए और मामला दर्ज कर अनुसंधान जारी रखा।

उक्त संपूर्ण कार्रवाई में थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक मदनलाल, अरविंद, हेड कांस्टेबल दीपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल नाहर सिंह, अशोक, मुकेश कुमार, महेंद्र व अशोक शामिल रहे। पुलिस की इस तत्परता ने क्षेत्र में अपराध और अव्यवस्था फैलाने वाले तत्वों के हौसले पस्त कर दिए हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story